गुजरात (Gujarat) की सहकारी दूध संस्था अमूल (Amul) की 50वीं सालगिरह के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने सवा लाख किसानों को संबोधित किया। अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ये कार्यक्रम हुआ। पीएम मोदी के साथ सीएम भूपेन्द्र पटेल भी नज़र आए। अमूल दूध के 50 सालों के सफर को पीएम मोदी ने एक पौधे के विशाल पेड़ बनने जैसा बताया। साथ ही पीएम ने कहा कि, भारत की आज़ादी के बाद कई ब्रांड बने लेकिन अमूल जैसा कोई नहीं। इसके लिए पीएम ने गुजरात कॉपरेटिव मिल्क फेडरेशन को शुभकामनाएं दीं। साथ ही रिमोट का बटन दबाकर देशभर में अमूल के नए दूध, पनीर और इससे जुड़े कई उत्पादों के विस्तार का उद्घाटन भी किया। पीएम ने अमूल को विश्वास और विकास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि, ''अमूल यानी विश्वास, अमूल यानी विकास, अमूल यानी जनभागीदारी, अमूल यानी किसानों का सशक्तिकरण, अमूल यानी समय के साथ आधुनिकता का समावेश।''
पीएम ने अमूल को दुनिया की सबसे बड़ी डेयरी कंपनी बनाने की अपील भी की। नरेंद्र मोदी ने कहा कि, महिला शक्ति की वजह से ही अमूल आज इस ऊंचाई पर पहुंचा। पीएम मोदी ने अहमदाबाद में अमूल की 50वीं सालगिरह के मौके पर लगाई गई एक प्रदर्शनी को भी देखा। इस प्रदर्शनी में अमूल के कई जाने-माने विज्ञापनों की तस्वीरें लगाई गई थीं। जिसमें कुछ कार्टून पीएम मोदी के भी थे। अमूल की बेबी मॉडल के साथ पीएम मोदी के ये कार्टून वाली तस्वीरें काफी लोकप्रीय हैं। जिन्हें पीएम ने बड़े ध्यान से देखा। इनमें अमूल का मक्खन और दूसरे प्रोडक्ट पर पीएम मोदी की ये तस्वीरें थीं। खास बात ये थी कि इस प्रदर्शनी में पीएम की जो तस्वीरें लगाई गई थीं उनमें केंद्र सरकार की तरफ से लिए गए कई बड़े फैसलों और योजनाओं को कार्टून के माध्यम से दिखाया गया था।
प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी अहमदाबाद के बाद मेहसाणा गए जहां उन्होंने एक रोड शो किया। साथ ही मेहसाणा के प्रसिद्ध वलीनाथ महादेव मंदिर में पूजा अर्चना भी की। पीएम मोदी दोनों हाथ जोड़कर वलीनाथ महादेव मंदिर के अंदर दाखिल हुए और सबसे पहले नंदी को प्रणाम किया। इसके बाद पीएम ने महादेव पर जल, दूध, दही और पुष्प चढ़ाए और फिर उनकी आरती की। इस दौरान मंदिर के पुजारी पूरे विधि विधान के साथ मंत्रों का उच्चरण करते रहे। महादेव की पूजा के बाद पीएम ने एक रोडशो किया। इस दौरान पीएम का काफिला जहां से भी निकला वहां सड़क के किनारों पर लोगों की भारी भीड़ पीएम की एक झलक पाने के लिये नज़र आई। पीएम मोदी ने अपने इस दौरे में गुजरात के लोगों को 60 हज़ार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात भी दी। पीएम ने एक बार फिर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की बात कही।



