बॉलीवुड की प्रतिष्ठित और यादगार फिल्मों में शामिल ‘3 इडियट्स’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से इस फिल्म के सीक्वल को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अब खुद आमिर खान (Aamir Khan) ने इन चर्चाओं पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। आमिर खान ने पुष्टि की है कि 3 Idiots 2 पाइपलाइन में है (3 Idiots sequel) और मशहूर निर्देशक राजकुमार हिरानी (Rajkumar Hirani) एक बार फिर इस फिल्म का निर्देशन करेंगे।

यह खबर फिल्म प्रेमियों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है, क्योंकि दर्शक सालों से रैंचो, राजू और फरहान की तिकड़ी को दोबारा बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे थे (Rancho return) । आमिर खान ने बताया कि फिल्म की पटकथा पर फिलहाल काम चल रहा है और यह एक बेहद खूबसूरत कहानी होने वाली है।
10 साल आगे बढ़ेगी कहानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 Idiots 2 की कहानी पहले भाग की घटनाओं के करीब 10 साल बाद की परिस्थितियों को दिखाएगी। यानी इस बार दर्शकों को यह देखने को मिलेगा कि कॉलेज छोड़ने के बाद रैंचो, राजू और फरहान की जिंदगी किस दिशा में गई। फिल्म में आमिर खान (रैंचो/फुंसुख वांगडू) (Aamir Khan) , आर माधवन (फरहान) (R Madhavan) और शरमन जोशी (राजू रस्तोगी) (Sharman Joshi) की मुख्य तिकड़ी नजर आएगी। इसके साथ ही करीना कपूर खान की वापसी भी लगभग तय मानी जा रही है। फिल्म का निर्माण विधु विनोद चोपड़ा करेंगे।

आमिर खान ने कहानी को बताया शानदार
एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान ने बताया कि लेखक अभिजात जोशी और निर्देशक राजकुमार हिरानी ने कहानी को बेहद मजाकिया और दिलचस्प अंदाज में तैयार किया है। उन्होंने कहा कि यह कहानी मूल फिल्म की आत्मा को बरकरार रखते हुए दर्शकों को कुछ नया और ताजा अनुभव देगी। आमिर खान ने कहा, “राजू हिरानी फिलहाल ‘3 Idiots 2’ पर काम कर रहे हैं। मैंने कहानी सुनी है और यह वाकई अद्भुत है। स्क्रिप्ट पर अभी थोड़ा और काम होना बाकी है, लेकिन इसका मूल विचार बहुत ही शानदार और अलग है।”

फुंसुख वांगडू की वापसी को लेकर उत्साहित आमिर
आमिर खान ने अपने आइकॉनिक किरदार फुंसुख वांगडू को दोबारा निभाने को लेकर उत्साह जताया है। फैंस भी लंबे समय से रैंचो की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। साल 2022 में ‘लाल सिंह चड्ढा’ की असफलता के बाद आमिर खान ने हाल ही में ‘सितारे जमीन पर’ से बड़े पर्दे पर वापसी की है। ऐसे में ‘3 इडियट्स’ जैसे सुपरहिट ब्रांड से जुड़ना उनके करियर के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।
जब ‘3 इडियट्स’ बनी थी सांस्कृतिक क्रांति
साल 2009 में रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि भारतीय सिनेमा की एक सांस्कृतिक क्रांति साबित हुई थी। चेतन भगत के उपन्यास ‘फाइव पॉइंट समवन’ से प्रेरित इस फिल्म ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था और छात्रों पर पड़ने वाले सामाजिक दबावों पर तीखा प्रहार किया था। फिल्म में बोमन ईरानी ने ‘वायरस’ और ओमी वैद्य ने ‘चतुर’ के किरदार से अमिट छाप छोड़ी थी। यह फिल्म दुनियाभर में ₹400 करोड़ कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी थी। इसके अलावा इसने तीन राष्ट्रीय पुरस्कार भी अपने नाम किए थे।

क्या फिर चलेगा ‘All Is Well’ का जादू?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘3 Idiots 2’ भी पहले भाग जैसा जादू दोहरा पाएगी? क्या एक बार फिर दर्शक सिनेमाघरों में ‘All Is Well’ गुनगुनाते नजर आएंगे?


