गाजियाबाद के खोड़ा में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड (Surya Chauhan Murder Case) के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया (Asad Encounter)। खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह एनकाउंटर हुआ। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही घायल भी हुआ, जबकि असद का एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। डीसीपी धवल जायसवाल की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के कार्यकाल में इसे सातवां फुल एनकाउंटर बताया जा रहा है।

28 तारीख को खोड़ा थाना क्षेत्र में सूर्या चौहान की हत्या के बाद से पुलिस लगातार मुख्य आरोपी असद की तलाश में जुटी थी। शनिवार को यह मामला प्रदेश और राजधानी क्षेत्र में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ था (Ghaziabad Khoda Encounter)। आखिरकार रविवार सुबह पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में असद मारा गया।
ऐसे हुआ आरोपी असद का एनकाउंटर
दरअसल बीती देर रात पुलिस को सूचना मिली थी, कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद अपने किसी दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला था। पैसे लेने के बाद उसका शहर छोड़कर भागने का प्लान था। सूचना मिलते ही गाजियाबाद पुलिस ने असद को दबोचने के लिए इलाके में एक जाल बिछाया और घेराबंदी की। कुछ समय बाद असद बाइक पर किसी शख्स के साथ वहां आया तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस का दावा है कि असद को रुकने के लिए बोला गया, मगर उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फौरन जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में असद को गोली लग गई और वो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, मगर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई (Police Encounter Today)। इस मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है (main accused asad encounter khoda ghaziabad)।
परिवार ने सीएम योगी का जताया आभार
एनकाउंटर की खबर के बाद मृतक सूर्या चौहान के परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। सूर्या के घर पहुंचे साहिबाबाद विधायक और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति सिर्फ बयान नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाली कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है (Yogi Zero Tolerance)। हालांकि असद के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की संभावना से मंत्री सुनील शर्मा ने इनकार किया। उन्होंने कहा कि सरकार कानून के दायरे में काम करती है और आरोपी का परिवार किराए के मकान में रह रहा था, इसलिए बुलडोजर कार्रवाई का सवाल नहीं उठता।
सूर्या के घर के बाहर RRF और पुलिस बल तैनात
हालात को देखते हुए सूर्या के घर के बाहर आरआरएफ समेत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। दूसरी ओर, आरोपी असद के घर के बाहर भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। जिस इमारत में असद किराए पर रहता था, वहां घटना के बाद कई फ्लैट खाली हो चुके हैं और इलाके में खौफ का माहौल बताया जा रहा है।
सूर्या ही घर का सहारा था: मां
वहीं, सूर्या की मां ने बताया कि उनके बेटे की किसी से पुरानी रंजिश नहीं थी। धोखे से बुलाकर 5 से 6 लोगों ने सूर्या की हत्या कर दी। बेटे को खोने का दर्द बयान करते हुए उन्होंने कहा कि अब परिवार की उम्मीद भी खत्म हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी को धन्यवाद देते हुए बाकी आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की। उनके मुताबिक परिवार का बड़ा बेटा मानसिक रूप से परेशान है और सूर्या ही घर की सबसे बड़ी उम्मीद था।



