Wednesday, September 16, 2026
Homeदेश27 अगस्त को गोरखपुर के एक गांव में क्यों जा रहे वायु...

27 अगस्त को गोरखपुर के एक गांव में क्यों जा रहे वायु सेना प्रमुख? क्या है एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का प्लान?

लखनऊ: वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 27 अगस्त को गोरखपुर के दूरस्थ ग्राम माथाबारी का भ्रमण करेंगे. इस दौरान वे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और उनके जीवन, जरूरतों, आकांक्षाओं और चुनौतियों के बारे में जानेंगे।

भ्रमण के दौरान वायु सेना प्रमुख रामाश्रय ग्राम विकास संस्थान, साखी, माथाबारी का दौरा करेंगे. वे संस्थान से जुड़े लोगों से बातचीत कर क्षेत्र में समाज के विकास, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेंगे।

एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह सरस्वती गुरुकुल का भी भ्रमण करेंगे. यहां वे विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद करेंगे तथा बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे. वायु सेना प्रमुख स्थानीय युवाओं से भी बातचीत करेंगे. वे युवाओं की आकांक्षाओं और उनके सामने मौजूद अवसरों एवं चुनौतियों को समझेंगे तथा उन्हें अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस दौरान वे ग्रामीणों के साथ भी अनौपचारिक और आत्मीय बातचीत करेंगे. ग्रामीण अपने अनुभव और अपनी आवश्यकताएं उनके साथ साझा कर सकेंगे. इससे सशस्त्र बलों और आम नागरिकों के बीच विश्वास और अपनत्व का संबंध और मजबूत होगा।

गोरखपुर के किसी दूरस्थ गांव में वायु सेना प्रमुख का यह भ्रमण अपने आप में एक विशेष अवसर है. यह भ्रमण इस बात का संदेश भी देगा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सशस्त्र बल समाज के हर वर्ग के साथ जुड़े हुए हैं. यह अवसर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा तथा सैनिक और नागरिक के बीच आत्मीय संबंध को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular