Tuesday, September 15, 2026
Homeविदेशमिस वर्ल्ड युगांडा की अनोखी गाउन ने खींचा सबका ध्यान, C-Section से...

मिस वर्ल्ड युगांडा की अनोखी गाउन ने खींचा सबका ध्यान, C-Section से लेकर मां बनने के सफर की कहानी कहता है डिज़ाइन

मिस वर्ल्ड युगांडा द्वारा पहनी गई एक अनोखी गाउन इन दिनों चर्चा में है। इसकी खासियत सिर्फ इसका खूबसूरत और आकर्षक लुक नहीं, बल्कि इसके पीछे छिपी कहानी है। इस गाउन को डिजाइनर कीशा अब्दुल्लाह ने World Designer Award के लिए तैयार किया। पूरे आउटफिट में बच्चे के जन्म और खास तौर पर C-Section से गुजरने वाली माताओं के अनुभव को दर्शाने की कोशिश की गई। गाउन का हर हिस्सा अपने आप में एक कहानी बयां करता है। इसकी बनावट, अलग-अलग लेयर्स और आकार को इस तरह तैयार किया गया है कि वह बच्चे के जन्म की पूरी प्रक्रिया और मां के सफर का प्रतीक बन सके। वहीं, इस अनोखे गाउन ने 73वें मिस वर्ल्ड फेस्टिवल (2026) प्रतियोगिता में ‘वर्ल्ड डिजाइनर अवार्ड’ (World Designer Award) भी जीत लिया।

C-Section की सात परतों से मिली डिजाइन की प्रेरणा

डिजाइनर कीशा अब्दुल्लाह ने इस गाउन को तैयार करने के दौरान C-Section प्रक्रिया में शामिल सात अलग-अलग परतों से प्रेरणा ली। उन्होंने C-Section से जुड़े चित्रों और उसकी बारीकियों का अध्ययन किया और इन्हीं परतों को अपने फैशन डिज़ाइन का हिस्सा बनाया। गाउन की अलग-अलग लेयर्स इसी प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों को दर्शाती हैं। इस तरह यह आउटफिट सिर्फ फैशन का प्रदर्शन नहीं करता, बल्कि मां बनने के अनुभव, दर्द, साहस और नई जिंदगी के जन्म को भी एक कलात्मक रूप में सामने लाता है।

खुद मां बनने का अनुभव भी बना प्रेरणा

इस डिजाइन के पीछे की कहानी डिजाइनर की अपनी जिंदगी से भी जुड़ी है। अब्दुल्लाह हाल ही में मां बनी हैं और अपने मातृत्व के अनुभव ने उन्हें इस खास डिजाइन को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव को फैशन और कला के साथ जोड़ते हुए ऐसी गाउन तैयार की, जो उन माताओं को सम्मान देती है जो C-Section के जरिए बच्चे को जन्म देती हैं।

फैशन के जरिए मातृत्व को सलाम

मिस वर्ल्ड युगांडा पर यह गाउन नजर आने के बाद इसकी चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि इसमें ग्लैमर के साथ एक भावनात्मक संदेश भी जुड़ा है। डिजाइनर ने कपड़े की बनावट और लेयर्स के जरिए मातृत्व के उस सफर को दिखाने की कोशिश की है, जिसे अक्सर सिर्फ मेडिकल प्रक्रिया के तौर पर देखा जाता है। यह गाउन बताती है कि फैशन सिर्फ खूबसूरती और स्टाइल तक सीमित नहीं है। सही सोच और रचनात्मकता के साथ एक पोशाक समाज, मातृत्व और महिलाओं के अनुभवों से जुड़ी महत्वपूर्ण कहानी भी कह सकती है।

क्या है गाउन में खास?

युगांडा की फैशन डिजाइनर कीशा अब्दुल्ला (Keesha Abdallah) ने इस गाउन को ‘लेयर्स ऑफ लाइफ’ (Layers of Life) नाम दिया है। डिजाइनर ने मेडिकल साइंस में सी-सेक्शन डिलीवरी के दौरान काटी जाने वाली पेट की 7 शारीरिक परतों का गहराई से अध्ययन किया और उन्हें कपड़ों की परतों के माध्यम से गाउन में उतारा है।

पहली परत (त्वचा/Skin): शरीर की सुरक्षात्मक बाहरी परत को दर्शाती है।
दूसरी परत (वसा/Fat): ऊर्जा और शरीर के लचीलेपन का प्रतीक है।
तीसरी परत (फैसैया/Fascia): सभी अंगों को आपस में जोड़ने वाले ऊतक (connective tissue) का प्रतिनिधित्व करती है।
चौथी परत (मांसपेशी/Muscle): प्रसव के दौरान माँ की शारीरिक ताकत और कठिन प्रयास को दिखाती है।
पांचवीं परत (पेरिटोनियम/Peritoneum): पेट की अंदरूनी सुरक्षात्मक परत को दर्शाती है।
छठी परत (गर्भाशय/Uterus): वह कोख जहां एक नया जीवन पलता है।
सातवीं परत (एमनियोटिक सैक/Amniotic Sac): बच्चे के जन्म से ठीक पहले उसे सुरक्षित रखने वाला अंतिम आवरण।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular