ISIS linked BDS Student Haris Ali arrested: मुरादाबाद में BDS सेकेंड ईयर के छात्र का आतंकी संगठन ISIS से कनेक्शन का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यूपी ATS ने सहारनपुर के रहने वाले हारिस अली को ISIS से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क की गतिविधियों की चल रही जांच के दौरान गिरफ्तार किया। हारिस अली पर आरोप है कि वो मुस्लिम युवकों के ब्रेनवाश करके ISIS से जोड़ने की योजना पर काम कर रहा था। सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट्स से जरिए लोगों को आत्मघाती हमले करने के लिए उकसाता था। ये इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिस्कॉर्ड जैसे एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन के माध्यम से ISIS के संचालकों और समर्थकों से जुड़ा हुआ था।

ATS के मुताबिक खुफिया जानकारी से पता चला है कि उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में कुछ लोग ISIS की विचारधारा का प्रचार करने के लिए ऑनलाइन समूह बना रहे थे, जिसका उद्देश्य शरिया-आधारित खिलाफत स्थापित करना और भारत में आतंकी संगठन को मजबूत करने के लिए लोगों की भर्ती करना था। इन समूहों का इस्तेमाल कथित तौर पर प्रचार सामग्री,चरमपंथी साहित्य और ISIS की गतिविधियों से संबंधित निर्देश साझा करने के लिए किया जाता था।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लोकतंत्र को नहीं मानता और जंग-ए-जिहाद के जरिए ISIS का राज्य स्थापित करना चाहता था।

ATS ने जांच के दौरान पाया कि आरोपियों ने कथित तौर पर छद्म नामों और वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का उपयोग करके कई समूह बनाए थे, ताकि समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की भर्ती की जा सके और ISIS का दुष्प्रचार फैलाया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी “अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन” नामक एक अलग समूह भी चला रहे थे। ये लोग भारत के साथ-साथ पाकिस्तान और अन्या देशों में ISIS नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के साथ संपर्क बनाए हुए थे।

घर पर ताला लगाकर कहीं चला गया हारिस का परिवार
आरोपी हारिस के पिता सहारनपुर के मानक मऊ मोहल्ले में रहते है, वो ITC में नौकरी करते हैं। जब से ATS ने हारिस को गिरफ्तार किया है, पूरा परिवार घर पर ताला लगाकर कहीं चला गया है। मानक मऊ चौकी के इंचार्ज कुलवंत सिंह मलिक ने भी उसके घर पर पहुंचकर परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, मगर कोई संपर्क नहीं हो पाया। लोगों ने बताया कि हारिस अली दो साल से मुरादाबाद रहकर वहां के कोठीवाल डेंटल कालेज में बीडीएस की पढ़ाई कर रहा था। वो पढ़ाई में भी अच्छा था। मोहल्ले वालों ने बताया कि हारिस का एक बड़ा भाई और एक बहन है। हारिस इनमें सबसे छोटा है।



