Odisha Rajya sabha election Congress MLA suspended cross voting: राज्यसभा चुनाव में पार्टी को धोखा देने वाले विधायकों के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस ने सीधा एक्शन लेकर ये सख्स मैसेज दिया है, कि विश्वासघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस ने बड़ा एक्शन लेते हुए अपने 3 विधायकों को सस्पेंड कर दिया है। पार्टी ने दशरथी गोमांगो, रमेश चंद्र जेना और सोफिया फिरदौस को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पार्टी के मुताबिक इन विधायकों ने राज्यसभा चुनाव के दौरान बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में वोट दिया, जिससे उन्हें जीतने में मदद मिली। वोटिंग सोमवार को हुई थी।
ओडिशा कांग्रेस ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि कांग्रेस के साथ विश्वासघात करने वाले राष्ट्र के साथ विश्वासघात करते हैं। सना खेमुंडी के विधायक रमेश जेना, बाराबती कटक की विधायक सोफिया फिरदौस और मोहना के विधायक दशरथ गमंगो को पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने और राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार को वोट देने के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सेल के अध्यक्ष अरबिंद दास ने बताया कि इन विधायकों के व्यवहार की पूरी जांच के बाद ये फैसला लिया गया, उनके कदम पार्टी के हितों के खिलाफ पाए गए। उन्होंने ये भी कहा कि इस कार्रवाई की जानकारी विधानसभा अध्यक्ष को भी दी जाएगी, ताकि इन विधायकों को सदन से भी अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए।

ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बताया कि फैसले की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भी दे दी गई है। बता दें कि इस मामले में सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, बल्कि बीजेडी के आठ विधायकों ने भी निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में वोट दिया, जिसके चलते विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार दत्तेश्वर होता हार गए। ओडिशा में कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के दौरान एक रणनीति के तहत बीजेडी उम्मीदवार दत्तेश्वर होता को समर्थन देने का फैसला किया था, मगर अपनी ही पार्टी में विश्वासघात के चलते पूरी रणनीति औंधे मुंह गिर गई।



