इंदिरापुरम के नीति खंड-2 इलाके में मंगलवार दोपहर एक बड़ा अग्निकांड सामने आया। यहां एक तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, प्लॉट संख्या 495 में दोपहर करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही गाजियाबाद फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
फायर ब्रिगेड के रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो
शुरुआत में आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे बेसमेंट को अपनी चपेट में ले लिया। बेसमेंट में खड़ी कई गाड़ियां आग की भेंट चढ़ गईं। ऊंची उठती लपटों और घने काले धुएं के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, मौके पर दमकल की 5 गाड़ियां भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
इस दौरान इमारत और बेसमेंट में फंसे 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। क्योंकि इन दिनों शॉर्क सर्किट के साथ-साथ एसी ब्लास्ट के भी कई मामले सामने आ रहे हैं।


