पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इसकी जानकारी दी। इस बार शपथ ग्रहण समारोह अपेक्षाकृत जल्दी आयोजित किया जा रहा है, जिसके चलते प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
चुनाव नतीजों में बीजेपी की बड़ी जीत
इस बार चुनावी परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए प्रचंड बहुमत हासिल किया। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुए थे। 4 मई यानि कि कल नतीजे घोषित किए गए थे।
- बीजेपी: 206 सीटें
- तृणमूल कांग्रेस: 80 सीटें
- कांग्रेस: 2 सीटें
- AJUP: 2 सीटें
- CPI(M): 1 सीट
भवानीपुर से ममता बनर्जी की हार
इस चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर यह रहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव हार गईं। उन्हें बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने 15,114 वोटों से हराया। गौरतलब है कि इससे पहले 2021 के चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से मात दी थी।
सीएम पद को लेकर सस्पेंस बरकरार
राज्य में बीजेपी की सरकार बननी तो तय है, लेकिन मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। पार्टी के भीतर कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें प्रमुख रूप से…
- सुवेंदु अधिकारी: बीजेपी के सबसे प्रमुख चेहरे, विपक्ष के नेता और भवानीपुर विजेता।
- दिलीप घोष: बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता।
- समिक भट्टाचार्य: बीजेपी के संगठनात्मक चेहरे।
अब सभी की नजरें बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं, जो जल्द ही मुख्यमंत्री पद के नाम की घोषणा कर सकता है।


