बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर उबाल, अभ्यर्थियों और पुलिस में भिड़ंत, देखिए लाठीचार्ज का वीडियो

0
55

पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर लंबे समय से चल रहा असंतोष अब सड़कों पर फूट पड़ा है। राजधानी पटना में शुक्रवार को BPSC TRE 4.0 के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर हजारों शिक्षक अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। हालात उस समय बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार करीब 10 हजार अभ्यर्थी पटना कॉलेज से मार्च निकालकर डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE 4.0 का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग कर रहे थे। भारी भीड़ के चलते राजधानी की कई प्रमुख सड़कें जाम हो गईं और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस ने पहले छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बढ़ने पर बल प्रयोग किया गया। लाठीचार्ज के दौरान कई छात्र एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों ने पुलिस कार्रवाई को “अन्यायपूर्ण” बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सरकार पर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में देरी का आरोप

छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन में अभ्यर्थियों ने सरकार पर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में देरी का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि TRE 3 की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है, जबकि लाखों युवा TRE 4 के विज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं। छात्रों ने रिक्त पदों की सही संख्या सार्वजनिक करने और भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट समयसीमा तय करने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान डोमिसाइल नीति को लेकर भी आवाज उठी। अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षक बहाली में बिहार के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए और सरकार को इस नीति को सख्ती से लागू करना चाहिए।

प्रदर्शन के चलते यातायात प्रभावित

डाकबंगला चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन की भी व्यवस्था की थी। प्रदर्शन की वजह से एम्बुलेंस और स्कूल बसों को भी निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल शिक्षा विभाग या राज्य सरकार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द TRE 4.0 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here