खड्ड में डूबे दो मासूम भाई, छोटे को बचाने कूदा बड़ा भाई भी नहीं लौटा

0
46

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिले के संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील के देवामानल गांव में खड्ड में डूबने से दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

खेलते-खेलते दो मासूमों की गई जान

जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय आयन और 9 वर्षीय अभिनव गांव के पास खड्ड किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। भाई को डूबता देख अभिनव बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और डूब गए।

दो बच्चों की मौत से परिवार में मातम

टना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही नौहराधार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

प्रशासन ने बारिश में सतर्कता की अपील की

एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है। वहीं, एसडीएम ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के पास विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here