उत्तर प्रदेश के समाजवादी राजनीति के सबसे बड़े परिवारों में शुमार मुलायम सिंह यादव के परिवार के लिए आज का दिन बेहद दुखद रहा। समाजवादी पार्टी संस्थापक के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी के बेटे थे प्रतीक
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साल 2003 में मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता से विवाह के बाद सार्वजनिक रूप से प्रतीक को अपना बेटा स्वीकार किया था। फिलहाल उनकी मौत की वजह आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मगर बताया जा रहा है कि उन्हें लीवर और लंग्स की दिक्कत थी। उनका मेंदाता में इलाज भी चल रहा था।
प्रतीक यादव के साथ क्या हुआ?
रात को 11 से 12 बजे के बीच उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। आराम मिलने पर उन्हें डिस्चार्ज करके घर भी भेज दिया गया था। मगर घर पहुंचने के बाद दोबारा उनकी तबीयत बिगड़ी। फिर अस्पताल ले जाया गया, मगर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया ये भी जा रहा है कि कुछ समय पहले उन्होंने चर्बी कम करने के लिए सर्जरी भी कराई थी। फिलहाल अब इंतजार पोस्टमार्टम रिपोर्ट का है।
क्या डिप्रेशन में थे प्रतीक यादव?
सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में मां साधना गुप्ता और बाद में पिता मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद प्रतीक काफी परेशान रहने लगे थे। वहीं बिजनेस और निजी जीवन में भी उतार-चढ़ाव की चर्चाएं सामने आती रही हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रतीक के निजी जीवन में क्या चल रहा था?
जनवरी में पत्नी अपर्णा यादव के साथ रिश्तों को लेकर भी चर्चाएं हुई थीं, लेकिन बाद में दोनों के बीच सुलह की खबर सामने आई थी। प्रतीक यादव ने 19 जनवरी को अचानक पत्नी अपर्णा से तलाक का ऐलान किया था, कहा था- अपर्णा ने मेरी जिंदगी नरक बना दी है। मगर 9 दिन बाद दोनों में सुलह हो गई थी। जिसके बाद प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- All is Good। मगर फिर अचानक प्रतीक यादव के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।


