देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया है (NEET Exam 2026 Cancelled)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बयान जारी कर बताया कि पेपर लीक की आशंका (NEET Paper Leak) और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना संभव नहीं है। अब इस मामले की जांच CBI करेगी और परीक्षा की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का बयान
“जांच एजेंसियों से जो इनपुट मिले, उनके आधार पर पता चला कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता। परीक्षा की नई तारीख, एडमिट कार्ड का शेड्यूल जैसी जानकारी एजेंसी के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से बता दिया जाएगा। सरकार ने अब इस संभावित पेपर लीक की जांच सीबीआई द्वारा कराने की बात कही है”।
पेपर लीक के शक ने सिस्टम पर खड़े किए सवाल
3 मई को आयोजित हुई इस परीक्षा में देशभर से करीब 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था (Medical Entrance Exam)। लेकिन राजस्थान से सामने आए कथित पेपर लीक मामले ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। बताया जा रहा है कि कई छात्रों के पास हाथ से लिखा एक गेस पेपर मिला, जिसके सवाल असली परीक्षा से काफी मेल खाते थे। इसके बाद 10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा एक करियर काउंसलर भी शामिल है। जांच एजेंसियों का दावा है कि गेस पेपर परीक्षा से कई दिन पहले छात्रों तक पहुंच चुका था।

कैसे गहराया पेपर लीक होने का शक ?
राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) विशाल बंसल ने कहा कि जांच फिलहाल उस गेस पेपर पर आधारित है, जिसे परीक्षा से पहले छात्रों तक पहुंचने का आरोप है। गेस पेपर में करीब 410 सवाल थे। आरोप है कि इनमें से लगभग 120 सवाल केमिस्ट्री में पूछे गए। बताया जा रहा है कि यह गेस पेपर परीक्षा से काफी पहले छात्रों के बीच बंट रहा था। यह 15 दिन से लेकर एक महीने पहले तक छात्रों तक पहुंच चुका था। जांच इसी आधार पर आगे बढ़ रही है।
NTA ने पहले पारदर्शिता का किया था दावा
हालांकि पहले NTA ने परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए कहा था कि प्रश्न पत्र GPS ट्रैकिंग वाले वाहनों से भेजे गए थे, AI आधारित CCTV निगरानी की गई थी, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और 5G जैमर जैसी हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था भी लागू की गई थी। बावजूद इसके पेपर लीक की आशंका ने सरकार को बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। अब लाखों छात्र और अभिभावक नई परीक्षा तारीखों का इंतजार कर रहे हैं (NEET Re Exam Date)।


