Wednesday, September 16, 2026
Homeराज्यबरुईपुर केस: बच्ची के रेप-मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, क्राइम सीन...

बरुईपुर केस: बच्ची के रेप-मर्डर का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान छीन ली थी राइफल

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बहुचर्चित बरुईपुर रेप और हत्या मामले में (Baruipur rape-murder case) बुधवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। बच्ची से दरिंदगी का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया (Prabhas Mandal encounter)। पुलिस ने दावा किया कि मुख्य आरोपी प्रभास मंडल क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश करने लगा और फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया (West Bengal rape-murder case)।

पुलिस ने बताई पूरी घटना, कब क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, बरुईपुर रेप-मर्डर केस की जांच कर रही पुलिस टीम बुधवार तड़के करीब 12:45 बजे आरोपी प्रभास मंडल (accused Prabhas Mandal) को सूरज्यापुर हाट इलाके में लेकर पहुंची थी। यहां घटना का क्रम दोबारा समझने और क्राइम सीन रीक्रिएशन की प्रक्रिया की जानी थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक मौके का फायदा उठाते हुए ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली। पुलिस का कहना है कि हथियार हाथ में आते ही उसने पुलिस टीम पर एक राउंड फायर किया और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी की ओर से गोली चलाए जाने के बाद आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान प्रभास मंडल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मी उसे तत्काल बरुईपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया (West Bengal police encounter)। घटना के बाद पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में आवश्यक कानूनी और वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

4 जुलाई से लापता थी नाबालिग

यह मामला उस 12 साल की बच्ची से जुड़ा है जो 4 जुलाई को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। अगले दिन सूरज्यापुर हाट इलाके में एक बोरे के भीतर उसका शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका सामने आने पर पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया (Baruipur minor rape and murder case)।

शव मिलने के बाद भड़का था लोगों का गुस्सा

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने बरुईपुर-जयनगर रोड को जाम कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया और कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ भी की। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

भीड़ ने एक संदिग्ध की पीटकर कर दी थी हत्या

लड़की का शव मिलने के कुछ घंटों बाद उग्र भीड़ ने अपराध में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में उसकी पहचान इंद्रजीत मोंडोल के रूप में हुई। पुलिस अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन की टावर लोकेशन 4 जुलाई को शाम 4:30 बजे से रात 11 बजे के बीच एक ही स्थान पर मिली। ये वक्त अपराध के समय से मेल खाता था। इसे बाद पुलिस एक्शन में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रहा है।

लापरवाही साबित हुई तो होगी कार्रवाई

इस बीच राज्य सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि शिकायत दर्ज होने के बाद यदि जांच या पुलिस कार्रवाई में एक प्रतिशत भी लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular