पश्चिम बंगाल में आयोजित’परिवर्तन यात्रा जनसभा’ में शामिल हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमकर हुंकार भरी। यात्रा में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और आम लोग जुटे थे। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला, उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को कई सालों से डर, दमन और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि बंगाल के लोग अब बदलाव के लिए तैयार हैं, बीजेपी राज्यव्यापी संपर्क के तहत गांव-गांव पहुंच रही है। सीएम धामी ने कहा कि बंगाल के लोग बहुत कुछ झेल चुके हैं। सिर्फ वोट डालने भर के लिए कई लोगों ने अपनी जानें तक गंवा दी। उन लोगों को धमकाया जा रहा है और निशाना बनाया जा रहा है, जो लोग संविधान में भरोसा रखते हैं।सीएम धामी ने राज्य में अवैध घुसपैठ को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अवैध बांग्लादेशियों को सिर्फ वोट पाने के लिए बसाया गया। अब चुनाव आयोग SIR के जरिए घुसपैठियों की पहचान कर रहा है, तो उन्हें तकलीफ हो रही है।
बंगाल में बीजेपी का गांव-गांव मार्च
पश्चिम बंगाल में जल्द चुनाव होने वाले हैं। मौजूदा 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को खत्म हो रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द चुनाव की तारीख घोषित होगी। चुनाव को लेकर बीजेपी बड़ा राज्यव्यापी अभियान चला रही है। जिसमें करीब 5 हजार किलोमीटर की यात्रा की जाएगी। इस दौरान 63 बड़ी रैलियां और 282 छोटी सभाएं आयोजित की जाएंगी। 9 अलग-अलग जगहों पर परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है।



