Wednesday, September 16, 2026
Homeराज्यपति का मर्डर, पत्नी और प्रेमी गिफ्तार…कसौली हत्याकांड की कहानी चौंका देगी

पति का मर्डर, पत्नी और प्रेमी गिफ्तार…कसौली हत्याकांड की कहानी चौंका देगी

सोलन (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कसौली इलाके के जोहड़ पटियाला गांव में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर उसकी हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव को घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में फेंक दिया। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

घर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार रात मृतक के घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से मौत के कारणों की विस्तृत पुष्टि होगी।

हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और वारदात को छिपाने की कोशिश की। शव को घर से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में ले जाकर फेंक दिया गया ताकि किसी को तुरंत घटना की जानकारी न मिल सके। रविवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण उस क्षेत्र से गुजरे तो उन्हें झाड़ियों में शव दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल से बरामद हुआ धारदार हथियार

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या में इस्तेमाल किए जाने का संदेह वाला एक धारदार चाकू बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेजा गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं, जिनकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच में मिले पारिवारिक कलह के संकेत

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से पारिवारिक तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय पहले नेपाल चली गई थी और बाद में वापस लौट आई थी। दंपती की एक छोटी बेटी भी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और कथित प्रेम संबंध इस घटना में किस हद तक जिम्मेदार रहे। क्योंकि शुरुआती जांच में पुलिस को कथित प्रेम संबंधों की जानकारी मिली है। इसी आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि आपसी रिश्तों में बढ़ती खटास और विवाद ने इस वारदात का रूप लिया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष साक्ष्यों एवं पूछताछ के बाद ही सामने आएंगे।

पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक सोलन टी.एस.डी. वर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी जांच का भी सहारा लिया जा रहा है।

पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी वारदात

गांव में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार इस तरह की घटना की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। शव झाड़ियों में मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुट गए। फिलहाल पुलिस सभी परिस्थितियों, घटनाक्रम, आरोपियों के बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular