Python wrapped around the bonnet of Safari: उत्तराखंड के रामनगर में जंगल सफारी के दौरान हड़कंप मच गया। दरअसल जिप्सी के बोनट के अंदर करीब 8 से 10 फीट लंबा अजगर लिपटा हुआ था। हालांकि समय रहते सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई।
रामनगर में सुबह की पाली में जंगल सफारी के दौरान एक जिप्सी में अचानक हलचल महसूस हुई तोचालक ने गाड़ी रोक दी। उसके बाद चालक ने जब जिप्सी का बोनट खोला तो सब हैरान रह गए। बोनट के अंदर इंजन पर एक बड़ा अजगर लिपटा हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सांप की लंबाई करीब 8 से 10 फीट थी। जिप्सी ऑनर संजय छीमवाल के अनुसार, जिप्सी उस समय पर्यटकों को जंगल के एक जोन में भ्रमण करा रही थी। अचानक चालक को बोनट के अंदर कुछ हलचल महसूस हुई, जिसके बाद गाड़ी रोककर जांच की गई। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक पाइथन का रेस्क्यू कर उसे वापस जंगल में छोड़ दिया गया। राहत की बात ये रही कि किसी पर्यटक या चालक को कोई नुकसान नहीं हुआ।



