- सूर्यकुमार यादव ने टी-20 करियर का तीसरा शतक लगाया
- श्रीलंका के खिलाफ सूर्या ने खेली 112* रनों की पारी
- 220 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन, जड़े 9 सुपर सिक्सेज़
- टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज़ शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय
- भारत ने 91 रनों से श्रीलंका को हराकर जीती टी-20 सीरीज़
तो क्या हुआ जो उन्हें देर से टीम इंडिया (Team India) में जगह मिली। तो क्या हुआ जो उन्हें दो साल पहले तक बल्लेबाज़ी के मौके बहुत कम मिले। जब वो टीम में शामिल हुए, उन्हें पर्याप्त मौके मिलने शुरु हुए, तो उन्होंने दिखा दिया की सूर्या की चमक भारत ही नहीं दुनिया के किसी भी धाकड़ बल्लेबाज़ की छवि को चुनौती दे सकती है। उनका बल्ला दुनिया के महानतम बल्लेबाज़ों को भी सजदा करने मजबूर कर सकता है। श्रीलंका के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट की तीसरी सेंचुरी (Century) नहीं मारी, बल्कि साबित कर दिया कि क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के वो ‘किंग’ हैं।
सूर्यकुमार ने श्रीलंका को धोया, दूसरा सबसे तेज़ शतक जमाया
- सूर्यकुमार यादव ने श्रीलंका के खिलाफ 45 बॉल में सेंचुरी मारी
- सूर्या ने टी-20 इंटरनेशनल करियर का अपना तीसरा शतक लगाया
- अंतरराष्ट्रीय T-20 मैचों में उनसे ज्यादा शतक भारत के रोहित शर्मा ही लगा सके हैं
- रोहित शर्मा के नाम 4 टी-20 शतक हैं
- सूर्या ने भारत के लिए दूसरा सबसे तेज शतक भी जमाया
- उनसे पहले 2017 में रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ ही 35 बॉल में शतक लगाया था

2022 में सूर्यकुमार ने रचा था सुनहरा इतिहास
श्रीलंका (Sri Lanka) के खिलाफ नाबाद 112 रनों की पारी ही नहीं सूर्या का बल्ला पिछले साल से ही धमाल मचा रहा है। सूर्यकुमार यादव ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में साल 2022 में सबसे अधिक रन बनाए। उन्होंने 31 टी-20 मैच खेले और 1164 रन जड़ दिए। खास बात ये रही कि उन्होंने सिर्फ रन ही नहीं बनाए बल्कि पिछले साल करीब 188 की स्ट्राइक से रन बनाते हुए विपक्षी टीमों में अपना खौफ पैदा कर दिया। एक कैलेंडर ईयर में टी-20 में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के अलावा सबसे अधिक छक्के मारने का रिकॉर्ड भी सूर्या के ही नाम रहा। उन्होंने पिछले साल 104 चौके और 68 छक्के लगाए। यही नहीं साल 2022 में क्रिकेट के मिस्टर 360 ने 9 अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं।

विराट की जुबानी जानिए, SKY की 4 सुपर शक्तियां
सूर्यकुमार यादव की बैटिंग देखकर फैंस फूले नहीं समाते। वो जब चौके-छक्के मारते हैं तो फैंस आतिशाबाज़ी करने लगते हैं। लेकिन, सूर्यकुमार यादव ऐसे ही भारत की शान नहीं बढ़ाते जा रहे है, बल्कि इसके पीछे है सूर्या की वो शक्तियां जिनसे विरोधी टीमें भी पनाह मांगती हैं।
1 – विराट कोहली की मानें तो सूर्यकुमार यादव की सबसे बड़ी ताकत उनका दिमाग है। विराटे की मानें तो सूर्या को अच्छी तरह पता होता है कि उन्हें क्या करना है। वो अपना रोल समझते हैं, उसी के हिसाब से बैटिंग करते हैं।
————————————————-
2 – विराट कोहली के मुताबिक सूर्यकुमार यादव किसी भी हालात में परफॉर्म कर सकते हैं। उनपर दबाव का बहुत ज़्यादा असर नहीं होता क्योंकि वो मैदान पर खेल को एंजॉय करते हैं।
————————————————
3 – विराट ने सूर्या को बहुत करीब से खेलते देखा है, लिहाज़ा उनका मानना है कि सूर्यकुमार यादव के पास बहुत सारे शॉट्स हैं। बकौल विराट सूर्या जानते हैं कि किस शॉट को कब खेलना है।
————————————————-
4- सूर्यकुमार यादव के पास टाइमिंग है, पावर है, प्लेसमेंट है, और बेहतरीन फुटवर्क है। इन सबके दम पर वो एक ही गेंद को अलग-अलग दिशाओं में खेलने का दम रखते हैं।

10 साल पहले…जब सूर्यकुमार कर रहे थे संघर्ष
सूर्यकुमार यादव ने 2010 में मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया और 73 रन बनाए। अगले सीज़न में नौ मैचों में 754 रन बनाए, जो उनकी टीम के किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन थे। इस मैच में ओडिशा के खिलाफ सीजन के अपने तीसरे मैच में दोहरा शतक और अगले मैच में एक शतक शामिल था। उन्होंने दिलीप ट्रॉफी में एक और शतक के साथ सीजन का समापन किया। 2012-13 में खराब प्रदर्शन के बाद वो अगले सीज़न में फिर लय में नज़र आए। वो मुंबई के टॉप तीन रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में से एक थे।