बिहार में एनडीए (NDA) की सरकार ने तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) की घेराबंदी शुरु करते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। नीतीश सरकार (Nitish government) ने पिछली JDU-RJD गठबंधन सरकार में तेजस्वी यादव और उनके करीबी मंत्रियों के विभागों के कामकाज की समीक्षा के आदेश दिए हैं। सरकार की तरफ से सभी संबंधित विभागों के सचिवों को ये निर्देश जारी किए गए हैं। तेजस्वी के कार्यकाल में उनके पास रहे स्वास्थ्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग के कामकाज और लिए गए फैसलों की समीक्षा करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण कार्य विभाग, PHED के साथ खान और भूतत्व विभाग में आरजेडी शासनकाल के कामकाज की समीक्षा कराने का आदेश (Order to review the work of RJD government) भी जारी हुआ है।
नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार
शनिवार को संवाददाताओं से बात करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि,'' अगर कोई भी, कहीं पर भी गड़बड़ी हुई है, तो एक-एक चीज़ को देख कर जांच करना ज़रूरी है। इसलिए हमलोग कभी कोई गड़बड़ी होने नहीं देंगे।'' गौरतलब है कि, नीतीश कुमार विधानसभा में पहले ही ये बात कह चुके थे कि, वो RJD के साथ गठबंधन सरकार में किए गए कामों की समीक्षा कराएंगे। तो अब इसे लेकर उन्होंने आदेश भी जारी कर दिए हैं।
विजय सिन्हा, डिप्टी सीएम, बिहार
बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा (Deputy Chief Minister Vijay Sinha) ने तेजस्वी यादव और उनके करीबी मंत्रियों के विभागों के कामकाज की समीक्षा कराने को ज़रूरी कदम बताया है। साथ ही उन्होंने सरकारी कामकाज बड़ी धांधली का आरोप भी लगाया है। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि, ''श्रम संसाधन विभाग में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुईं। लिहाज़ा, दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।'' विजय सिन्हा ने सरकारी मशीनरी की खरीद में बड़ी धांधली की बात भी कही। विजय सिन्हा ने कहा है कि, इस मामले में उच्च-स्तरीय जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने व्यवस्था बदलने और सुशासन का दौर लाने का भी वादा किया है।