Friday, October 18, 2024
Homeविदेश'इमरान गीदड़ है, चारपाई के नीचे छिप गया', इमरान की गिरफ्तारी पर...

‘इमरान गीदड़ है, चारपाई के नीचे छिप गया’, इमरान की गिरफ्तारी पर सियासी ड्रामा, पूर्व पीएम ने फिर किया समर्थकों को आगे

2014 की ही तरह एक बार फिर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने खुद को बचाने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को आगे कर दिया। दरअसल, लाहौर और इस्लामाबाद पुलिस इमरान खान को दो मामलों में गिरफ्तार करने पहुंची थी। तोशाखाना और महिला जज को धमकाने के मामले में कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया था कि वो इमरान खान को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करे। लेकिन, इमरान खान ने अपने कार्यकर्ताओं को पुलिस पर धावा बोलने का फरमान दे दिया। जिसके बाद लाहौर का ज़मां पार्क मैदान-ए-जंग में तब्दील हो गया।

पुलिस पर इमरान समर्थकों की पत्थरबाज़ी

एक तरफ पुलिस थी और दूसरी तरफ इमरान खान की पार्टी पीटीआई के कार्यकर्ता। पुलिस इमरान खान के घर की ओर बढ़ रही थी। लेकिन, तभी PTI के कार्यकर्ता उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस पर हमला बोल दिया। लाठी, डंडों और गुलेलों से पीटीआई समर्थकों ने पुलिस पर हमला किया। यही नहीं कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर भी बरसाए। पुलिस ने पहले तो शांति से काम लिया, लेकिन जब मामला हाथ से निकलता दिखा तो पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरु कर दी। पुलिस ने पहले वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, फिर आंसू गैस के गोले दागे, और जब इससे भी काम नहीं बना तो पुलिस ने उग्र कार्यकर्ताओं के पत्थरों को उठाकर उन्हीं पर फेंकना शुरु कर दिया।

छिपते-छिपते कैमरे पर आए इमरान खान

पुलिस और इमरान समर्थकों के बीच घंटों तक झड़प होती रही। लेकिन, बल प्रयोग के बाद जब इमरान समर्थक पीछे हटे तो पुलिस इमरान खान के घर के दरवाज़े तक पहुंच गई। इसके बाद पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी मीडिया के सामने आए। कुरैशी ने कहा कि, पुलिस को इस तरह नहीं आना चाहिए। उन्होंने पुलिस से कहा कि वो पहले इमरान खान से बात करे। जिसके बाद DIG इस्लामाबाद इमरान खान के घर के अंदर गए। हालांकि, वो कुछ देर बाद खाली हाथ लौटे। जबकि, इसी बीच इमरान खान ने जनता को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए संबोधित किया। इमरान खान ने कहा कि, पाकिस्तान की जनता को आज़ादी और अपने अधिकारों की जंग जारी रखनी होगी। भले ही वो गिरफ्तार हो जाएं लेकिन जंग रुकनी नहीं चाहिए। जिसके बाद एक बार फिर इमरान समर्थकों ने हल्ला बोल दिया। एक बार फिर पुलिस पर पत्थर बरसाए जाने लगे। कई पुलिसकर्मी घायल हुए और DIG इस्लामाबाद भी चोचिल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मरियम नवाज़ का इमरान पर जुबानी हमला

जिस वक्त लाहौर में हंगामा मचा था, उसी दौरान पंजाब प्रांत के शेखुपुरा में PML(N) रैली कर रही थी। रैली में मरियम नवाज़ ने इमरान खान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने इमरान खान को गीदड़ कहा। उन्होंने कहा कि, इमरान खान डर के मारे चारपाई के नीचे छिप गया है। मरियम ने कहा कि इमरान खान चूहे की तरह छिपकर बिल में बैठा है। उन्होंने कहा कि, नवाज शरीफ ने तो अपनी पत्नी की बीमारी के बावजूद गिरफ्तारी दी थी, लेकिन इमरान में हिम्मत ही नहीं कि वो गिरफ्तारी दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular