इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के समिट फिर सुर्खियों में है। पहले गलगोटिया यूनिवर्सिटी विवाद और अब यूथ कांग्रेस के हंगामे के चलते भारत मंडपन में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल में घुस आए और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुए भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और शर्ट उतारकर पीएम मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस विरोध प्रदर्शन के बाद भारत मंडपम के अंदर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस के मुताबिक “घटना दोपहर करीब 12:30 बजे घटी। उन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण कराया और क्यूआर कोड स्कैन करके हॉल में प्रवेश किया। उन्होंने ऊपर स्वेटर और जैकेट पहनी हुई थी और अंदर टी-शर्ट। हॉल नंबर 5 के पास उन्होंने अपने स्वेटर और जैकेट उतार दिए। उन्होंने टी-शर्ट लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हम उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हमने उनमें से चार को हिरासत में लिया है और बाकी की पहचान कर रहे हैं।”

इस मामले में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, “आज युवा कांग्रेस के सदस्य एआई शिखर सम्मेलन में गए और ‘प्रधानमंत्री भ्रष्ट हैं’ के नारे लगाए। ये गुस्सा सिर्फ हमारे युवा कांग्रेस सदस्यों का नहीं है, ये गुस्सा हर बेरोजगार युवा का है। अमेरिका के साथ ये व्यापार समझौता हमारे किसानों और आम लोगों को नुकसान पहुंचाएगा। इससे सिर्फ अमेरिका को ही फायदा होगा। उनकी आवाज उठाना हमारा कर्तव्य है। हमारे देश में लोकतंत्र है। हम कहीं भी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। हमारे युवा कांग्रेस के साथी राहुल गांधी के सिपाही हैं, वो डरेंगे नहीं।



