जिस घर में शादी की शहनाइयां बज रही थी, चारों तरफ लोग खुशी से झूम रहे थे, उसी घर में मौत ऐसे दबे पांव आई, कि कोई समझ ही नहीं पाया कि हुआ क्या? भांजे की शादी में डांस करते-करते मामा की जान चली गई।
डांस करते-करते हार्टअटैक का वीडियो
हैरान और गमनीन करने वाली ये घटना मध्यप्रदेश की है। खरगोन के ओझरा गांव में शादी का समारोह चल रहा था। सभी लोग मस्ती में थे। तलून क्षेत्र के रहने वाले घनश्याम यादव परिवार के साथ भांजे की शादी में आए थे। अपनी पत्नी के साथ गानों पर खूब ठुमके लगा रहे थे, तभी एक पल के लिए सबकुछ थम सा गया। घनश्याम यादव डांस करते करते अचानक गिर पड़े। पहले तो किसी को समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या? धीरे से झुके और फिर नीचे गिर पड़े। जब वो काफी देर उठे नहीं, तब जाकर अफरा-तफरी मची। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया, मगर तब तक देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। अचानक हुए हार्टअटैक से सभी सन्न हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाद में मृतक घनश्याम यादव को उनके गांव पिपलुद ले जाया गया। जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।



