कांग्रेस के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर फिर सुर्खियों में हैं। केरल में उन्होंने फिर ऐसा सियासी बम फोड़ा है कि कांग्रेस पार्टी से न उगलते बन रहा है और न निगलते। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर ने ये भविष्यवाणी कर दी कि सीएम पिनाराई विजयन आने वाले आने वाले विधानसभा चुनाव में जीतेंगे और तीसरी बार सत्ता में बने रहेंगे।

मणिशंकर अय्यर ने LDF सरकार के पंचायती राज मॉडल की तारीफ की और कहा कि ये अजीब बात है कि भारत में सिर्फ एक ही राज्य है जहां महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चला जा रहा है, गांधी जी के बताए तरीके से ही तरक्की हुई है। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने नेताओं ने अय्यर के बयान से किनारा कर लिया है। उनका कहना है कि पिछले कई सालों से अय्यर का पार्टी से कुछ लेना देना नहीं है।

इसके अलावा मणिशंकर अय्यर ने एक इंटरव्यू के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं पर निशाना भी साधा है। अय्यर ने जयराम रमेश, शशि थरूर और पवन खेड़ा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केरल में नहीं जीतेगी, क्योंकि पार्टी के भीतर बहुत गुटबाजी है। उन्होंने कहा कि शशि थरूर विदेश मंत्री बनना चाहते हैं, पवन खेड़ा तो कठपुतली हैं और जयराम रमेश को अपनी नौकरी बचानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आपस में बंटे हुए हैं वो कम्युनिस्टों से भी ज्यादा नफरत एक दूसरे से करते हैं। मणिशंकर अय्यर के इन तीखे हमलों के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है।

केरल में मई 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। केरल में वर्तमान में वाम मोर्चा सत्ता में है और कांग्रेस संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा मुख्य विपक्ष की भूमिका में है।



