भारत के समिट में ‘चीनी रोबोट’ दिखाने पर राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा। राहुल गांधी ने समिट को पीआर का तमाशा बताया। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि “भारत की प्रतिभा और डेटा का लाभ उठाने के बजाय, एआई शिखर सम्मेलन एक अव्यवस्थित जनसंपर्क तमाशा बन गया है। भारतीय डेटा बिक्री के लिए उपलब्ध है और चीनी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है”।
कांग्रेस पार्टी ने चाइनीज रोबोट को लेकर मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि “मोदी सरकार ने एआई के मामले में भारत को वैश्विक स्तर पर हंसी का पात्र बना दिया है। एआई शिखर सम्मेलन में चीनी रोबोट को हमारे अपने रोबोट के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा है। चीनी मीडिया ने हमारा मजाक उड़ाया है। ये भारत के लिए बेहद शर्मनाक है। इससे भी ज्यादा शर्मनाक बात यह है कि मोदी की मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद भी इसी झूठ में लिप्त हैं और भारतीय शिखर सम्मेलन में चीन के रोबोटों का प्रचार कर रही हैं। मोदी सरकार ने देश की छवि को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है। उन्होंने एआई को एक मजाक बना दिया है। एक ऐसा क्षेत्र जिसमें हम अपनी डेटा शक्ति के बल पर विश्व नेता बन सकते थे”।
इस पोस्ट के आखिरी में कांग्रेस ने लिखा है कि Brazenly shameless यानि कि बेशर्मी से निर्लज्ज

गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने समिट में प्रदर्शित किया था चीनी रोबो
गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के पहले दिन एक रोबोटिक कुत्ता प्रदर्शित किया था, जिसे नाम दिया ओरियन। इसके बाद सोशल मीडिया पर ये खबर तेजी से फैलने लगी कि यूनिवर्सिटी ने जो रोबोटिक डॉग अपना बताकर पेश किया वो दरअसल चाइनीज है। इंटरनेट पर यूजर्स ने ये आसानी से पहचान लिया ये रोबोट चीन की कंपनी यूनिट्री का Go2 मॉडल है, जिसे कि ऑनलाइन खरीदा जा सकता है।



