India Vs Zimbabwe ICC T20 World Cup: ICC टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम मैनेजमेंट और कप्तान सूर्य कुमार यादव की जमकर आलोचना हो रही है। आलोचना की वजह है 8 नंबर तक बल्लेबाजी होने के बावजूद टीम का हारना। क्रिकेट फैंस का कहना है, ऐसी बैटिंग लाइन अप का क्या फायदा जो 111 रन बनाकर हथियार डाल दे। गौरतलब है कि शिवम दुबे को छोड़कर भारतीय टीम का कोई भी बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के प्लान्ड अटैक के सामने टिक नहीं पाया। प्रोटियाज़ ने भारतीय बल्लेबाजों को बांधने का सटीक प्लान बनाया और वो उसमे सफल रहे। टीम इंडिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज़ तो पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाज एक छोर पर पारी संभाल कर स्कोर आगे बढ़ाने में असफल हो गए।
अभिषेक शर्मा को टीम में जगह क्यों?

भारत का अगला मैच 26 फरवरी को जिंबाब्वे के खिलाफ है। जिंबाब्वे ने सबको चौंकाते हुए ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम को हराकर सुपर-8 में अपनी जगह बनाई है। साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भारत को अपना अगला मुकाबला किसी भी हाल में जीतना होगा। साथ ही नेट रनरेट पर भी ध्यान देना होगा। लेकिन, सवाल टीम कॉम्बिनेशन को लेकर उठ रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर्स और क्रिकेट फैंस का कहना है कि, आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में मौका देने का कोई मतलब ही नहीं बनता। सबके निशाने पर बाएं हाथ के ओपनर अभिषेक शर्मा हैं। इसमें दो राय नहीं की अभिषेक शर्मा ने भारत को कई टी-20 मुकाबले जितवाए हैं। लेकिन, उनका हालिया फॉर्म एक बड़ी पारी का उद्घोष करता तो बिल्कुल नजर नहीं आता। गुवाहाटी में 25 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई नाबाद 68 रनों की पारी को छोड़ दें तो उनका बल्ला लगातार शांत ही रहा है। टी-20 वर्ल्ड कप के 4 मैचों में तीन बार वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। जबकि, साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 15 रन बना पाए।

अभिषेक शर्मा की जगह कौन?
पार्थिव पटेल समेत पूर्व क्रिकेटर्स का कहना है कि, अभिषेक शर्मा को टीम में ढोने का कोई मतलब नहीं है। पूर्व क्रिकेटर्स का कहना है कि उनकी जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल करना चाहिए। फिलहाल, संजू सैमसन बेंच पर बैठकर बेंच स्ट्रेंथ ही मजबूत कर रहे हैं। वहीं पूर्व क्रिकेटर्स का ये भी मानना है कि, टीम मैनेजमेंट को अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में रखना चाहिए। अक्षर पटेल ना सिर्फ बॉलिंग बल्कि बैटिंग में कमाल करते रहे हैं। ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खिलाना और अक्षर पटेल को बिठाना गलत फैसला था।



