अपने नाम के आगे मोहम्मद लगाने से सुर्खियों में आए दीपक कश्यप ने राहुल गांधी से मुलाकात की, तो सियासी सरगर्मी फिर तेज हो गई। राहुल गांधी ने दीपक को मोहब्बत की दुकान का योद्धा बताया। ये मुलाकात सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर हुई। राहुल गांधी ने दीपक की मुलाकात मां सोनिया गांधी से भी कराई और उनकी पत्नी से फोन पर बात भी की। इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से दीपक की तारीफ करते हुए एक पोस्ट भी शेयर किया है। जिसमें राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार और संघ पर भी हमला बोला है।
राहुल गांधी से मिलने के बाद दीपक काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मुझे मिलने बुलाया था। उन्होंने मेरे परिवार से बात की और भरोसा दिलाया कि हमें डरने की जरूरत नहीं है। आपको कोई गलत काम नहीं किया है। दीपक ने बताया कि राहुल गांधी ने ये भी कहा कि वो कोटद्वार आकर हमसे मिलेंगे और मेरे जिम की मेंबरशिप भी लेंगे।
कैसे चर्चा में आए दीपक कुमार कश्यप
घटना 26 जनवरी की है। जब कपड़ों की दुकान का बाबा नाम बदलने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान के बाहर जमा हो गए थे। ये दुकान वकील अहमद की थी। इसी दौरान वकील अहमद के बेटे और जिम संचालक दीपक कश्यप ने बजरंग दल के इस रवैये का विरोध किया और गुस्से में अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया। बताया जा रहा है कि तब से लोगों ने दीपक का जिम छोड़ना शुरू कर दिया। जो जिम लोगों से भरा रहता था, वो खाली होने लगा।



