प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने के बाद अरिजीत सिंह ने पहली बार अपने फैंस से कुछ कहा है। हालांकि इसमें फैंस को मैसेज देने के साथ उन आरोपों का स्पष्टीकरण भी है, जो अरिजीत सिंह पर आमिर खान से मुलाकात के बाद लग रहे थे। दरअसल आमिर और अरिजीत का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें आमिर खान अरिजीत के साथ काफी इंजॉय करते हुए कहते दिख रहे हैं, कि तुम गाना छोड़ दोगे तो हमारा क्या होगा। इसके बाद अरिजीत सिंह का वो गाना सामने आया जो उन्होंने आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के लिए गाया। ये गाना आमिर खान के बेटे जुनैद खान की फिल्म “एक दिन” के लिए गाया गया। ऐसे में कई लोगों ने सवाल उठाए, कि जब प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा कर दी, तो फिर आमिर की फिल्म के लिए गाना क्यों गाया।

इन आरोपों के बाद अरिजीत सिंह ने अपनी सफाई पेश की है। अरिजीत सिंह ने लिखा कि
ये मेसैज सिर्फ मेरे श्रोताओं के लिए है। अगर आप मेरे श्रोता नहीं हैं,तो कृपया इसे न पढ़ें और स्वाइप कर दें। ये विनम्र निवेदन है।
नमस्कार प्यारे लोगों! ❤️
मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं आप सभी से प्यार करता हूं। इस निर्दयी दुनिया में आपकी दयालुता के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हालांकि मैंने नए असाइनमेंट लेना बंद कर दिया है, लेकिन आप जानते हैं कि लंबित गानों की सूची कम नहीं है। मुझे अभी बहुत सारे गाने पूरे करने हैं। लोगों को समझाने में समय बर्बाद न करें, आप कितनी बार समझाएंगे? इतने सारे अधूरे गाने हैं, जो पूरे होने तक रिलीज़ होते रहेंगे। शायद पूरे साल भर। शायद अगले साल तक भी। शांत रहें। इस प्लेटफॉर्म से दूर रहने की कोशिश करें। अपने शरीर से स्पाइक प्रोटीन निकालें, 5 ग्राम छोड़ दें, पढ़ें, प्यार करें, ध्यान करें। जय देवी!
अरिजीत सिंह ने एक और ट्वीट किया है, जिसमें लिखा है कि ‘और फिर कौन जाने आगे क्या होगा’। अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने एक इंस्टा पोस्ट के जरिए बताया था कि वो अब फिल्मों के लिए गाने नहीं गाएंगे। अब करीब एक महीने के बाद अरिजीत सिंह ने अपने फैंस के नाम एक मैसेज दिया है।



