Agra: चलती ट्रेन के साथ-साथ प्लेटफॉर्म पर बदहवास दौड़ती एक महिला…कभी एक कोच में चढ़ने की कोशिश करती…मगर हाथ छूट जाता, जान किसी तरह बचती…फिर दूसरे कोच में ठीक वैसे ही चढ़ने की कोशिश करती…वहां से भी हाथ छूट जाता, जान बमुश्किल बच पाती…मगर फिर भी हार नहीं मानती…तीसरी बार फिर दौड़कर तीसरे कोच में चढ़ने की कोशिश करती…वहां से भी हाथ बस छूटने ही वाला था…मगर शायद किस्मत ने बचा लिया और वो कोच के अंदर दाखिल हो गई….क्योंकि ये कोशिश सिर्फ एक महिला की नहीं…एक मां की थी। वो मां… जिसका आज अपने बच्चे के लिए योद्धा अवतार दिखा।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर पर दिखी ये तस्वीर कोई स्टंटबाजी नहीं, एक मां का अपने बच्चे के लिए डर और तड़प थी। दरअसल ये महिला पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे प्लेटफॉर्म पर उतरती है, मगर तभी ट्रेन चल पड़ती है। बच्चा ट्रेन में अकेला है, ये सोचकर महिला इतना घबरा जाती है, कि अपनी जान की परवाह किए बगैर ट्रेन में चढ़ने के लिए इतने जतन करती है, कि मानों आज यमराज भी उसकी ममता के आगे पिघल गए हों। एक बार नहीं…दो बार नहीं…तीन बार महिला ट्रेन के नीचे कटते-कटते बचती है। मगर आखिरकार गिरते-पड़ते-लड़खड़ाते अपने लाडले के पास पहुंच जाती है।
वीडियो देख लोगों को भर आई आंखें
हालांकि ट्रेन में इस कदर चढ़ना बेहद जानलेवा है..खतरनाक है। मगर जिसने भी ये वीडियो देखा। सबकी आंखें छलक आई। बच्चा मुसीबत में हो, तो मां को धैर्य से काम लेने की नसीहत भला कोई कैसे दे? फिलहाल सभी मां के हौसले को सलाम कर रहे हैं। कह रहे हैं कि बच्चे के लिए ऐसी योद्धा सिर्फ मां ही बन सकती है। बच्चा मुसीबत में हो, तो उसका बल कोई आंक नहीं सकता, उसकी ताकत का मुकाबला कोई नहीं कर सकता।



