तमिलनाडु चुनाव 2026: थलपति विजय की TVK ने रुझानों में मचाया तहलका, DMK-AIADMK पीछे

0
40

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 (Tamil Nadu Election 2026) की मतगणना के शुरुआती रुझानों ने सियासी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं। सुपरस्टार से नेता बने थलपति विजय (Thalapathy Vijay) की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक द्रविड़ दलों को पीछे छोड़ दिया है। सुबह 11:30 बजे तक के रुझानों के अनुसार TVK+ 105 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं AIADMK+ 81 और DMK+ 48 सीटों पर आगे चल रही हैं। राज्य की कुल 234 सीटों पर चुनाव हुए हैं।

वोटिंग और काउंटिंग

राज्य में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था, जबकि मतगणना आज 4 मई को जारी है। देर रात तक सभी सीटों के अंतिम नतीजे घोषित होने की संभावना है।

TVK का गठन और रणनीति

तमिलगा वेट्री कज़गम की स्थापना 2 फरवरी 2024 को थलपति विजय ने की थी। पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव से दूरी बनाकर सीधे 2026 विधानसभा चुनाव पर फोकस किया। विजय ने सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं बनाई बल्कि एक राजनीतिक आंदोलन शुरू किया, जिसका मकसद तमिलनाडु के सभी वर्गों के लिए काम करना था। अभिनेता विजय के टीवीके के गठन की घोषणा के बाद से ही 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए संभावित गठबंधन को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया था, मगर टीवीके ने किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन नहीं दिया।

क्यों बने विजय ‘एक्स-फैक्टर’?

  • युवा वोट बैंक: राज्य में लगभग 40% मतदाता 39 वर्ष से कम उम्र के हैं, जिनमें बड़ी संख्या फर्स्ट-टाइम वोटर्स की है।
  • जाति से ऊपर अपील: विजय की छवि पारंपरिक जातीय राजनीति से अलग मानी जा रही है।
  • बदलाव की चाह: DMK और AIADMK के विकल्प के रूप में खुद को पेश किया।

किसका बिगड़ेगा खेल?

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक तमिलगा वेट्री कज़गम का उभार सबसे ज्यादा नुकसान AIADMK को पहुंचा सकता है। DMK से नाराज वोटर, जो पहले AIADMK की ओर जाते थे, अब TVK की तरफ शिफ्ट होते दिख रहे हैं। तमिलनाडु की राजनीति में थलपति विजय ने पहली ही कोशिश में बड़ा उलटफेर कर दिया है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो राज्य में एक नई राजनीतिक ताकत का उदय तय माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here