ट्रेनों में आग… हादसा नहीं ‘साजिश’!, राजधानी से मिथिला एक्सप्रेस तक एक जैसे पैटर्न ने उड़ाए होश

0
21

देशभर में ट्रेनों में आग लगने की लगातार घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है (Train Fire Incident)। बीते कुछ दिनों में अलग-अलग राज्यों में सामने आए मामलों में अब एक खतरनाक पैटर्न दिखाई देने लगा है। कहीं चलती राजधानी एक्सप्रेस (Rajdhani Express Fire) के बाथरूम से आग की लपटें उठीं, कहीं पेट्रोल में भीगा कपड़ा मिला, तो कहीं खाली कोच में बाहर से जलती वस्तु फेंके जाने की आशंका जताई गई।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में इन घटनाओं को सिर्फ हादसा मानना मुश्किल हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेनों को निशाना बनाने की कोई सुनियोजित साजिश रची जा रही है।

राजधानी एक्सप्रेस में आग, बाथरूम से उठीं पहली लपटें

17 मई को कोटा डिवीजन में चल रही तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) में अचानक भीषण आग लग गई। घटना मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में लूणी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई।

आग ट्रेन के एसी कोच B1 से शुरू हुई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शुरुआती लपटें बाथरूम से उठती दिखाई दीं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि चलती ट्रेन में इस तरह आग लगना सामान्य तकनीकी खराबी जैसा नहीं लग रहा। जांच एजेंसियां इस एंगल पर काम कर रही हैं कि कहीं ट्रेन को जानबूझकर निशाना तो नहीं बनाया गया।

हावड़ा स्टेशन पर मिला पेट्रोल में भीगा कपड़ा

पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्टेशन पर भी मंगलवार को बड़ा हड़कंप मच गया, जब 13021 हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस में आग लगने की घटना सामने आई (Mithila Express Fire)। जांच के दौरान ट्रेन के बाथरूम से पेट्रोल में भीगा हुआ कपड़ा बरामद हुआ। इस बरामदगी ने पूरे मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना दिया। रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर ट्रेन के अंदर पेट्रोल में भीगा कपड़ा पहुंचा कैसे।

राजस्थान में ट्रेन के लिनेन को जलाने की कोशिश

राजस्थान के अमरपुरा स्टेशन के पास भी आग लगने की घटना ने अधिकारियों को चौंका दिया। यहां किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रेन के लिनेन यानी बिस्तर सामग्री को जलाने की कोशिश की गई। रेलवे सूत्रों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह घटना बड़ा हादसा बन सकती थी।

सासाराम में खाली कोच में फेंकी गई जलती वस्तु?

बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन में आग लगने की घटना भी अब जांच के दायरे में है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक जिस कोच में आग लगी, वहां कोई पावर जनरेटर या तकनीकी सिस्टम सक्रिय नहीं था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बाहर से जलती हुई वस्तु अंदर फेंकी होगी।

एक जैसी घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि अलग-अलग राज्यों में हुई घटनाओं का तरीका काफी हद तक मिलता-जुलता दिख रहा है।

  • बाथरूम से आग शुरू होना
  • ज्वलनशील पदार्थ मिलना
  • खाली कोच या लिनेन को निशाना बनाना
  • चलती ट्रेनों को टारगेट करना

इन सभी पहलुओं ने यह आशंका और मजबूत कर दी है कि कोई संगठित नेटवर्क रेलवे को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है।

रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

घटनाओं के बाद रेलवे बोर्ड, आरपीएफ और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है (Railway Security Alert) । कई संवेदनशील रूट्स पर निगरानी बढ़ा दी गई है। ट्रेनों और स्टेशनों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में रेलवे सुरक्षा को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here