Attack on Ashutosh Maharaj: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप लगाने वाले आशुतोष महाराज पर हमला हुआ है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया है कि उनके ऊपर चलती ट्रेन में हमला हुआ। उन्होंने ट्रेन के टॉयलेट में छिपकर अपनी जान बचाई। आशुतोष ब्रह्मचारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ बाल यौन शोषण का केस दर्ज कराया था।
आशुतोष ब्रह्मचारी के मुताबिक उन पर हमला रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में प्रयागराज जाते वक्त हुआ। उन पर फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच हमला किया गया। उन्होंने बताया कि वो रात में शामली से गाजियाबाद पहुंचे थे, और फिर वहां से प्रयागराज आ रहे थे। इस दौरान सुबह टॉयलेट जाते समय एक युवक ने उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने किसी तरह ट्रेन के टॉयलेट में छिपकर अपनी जान बचाई।
आशुतोष ब्रह्मचारी की तहरीर की कॉपी

हमले में आशुतोष महाराज को कई चोटें आई हैं। लहूलुहान हालात में पहुंचे आशुतोष ब्रह्मचारी का प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में मेडिकल कराया गया। प्रयागराज जंग्शन पर GRP थाने में आशुतोष महाराज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। आशुतोष महाराज ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य लोगों पर साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने बाल यौन शोषण मामले में केस दर्ज कराया था, तब उनकी नाक काटने वाले को 21 लाख के ईनाम देने की घोषणा की गई थी। उन्होंने अपनी तहरीर में नाम के साथ इस बात को लिखा है।



