Saturday, April 18, 2026
Homeदेश"ये संसद है कैंटीन नहीं जो तुम पिकनिक…", राहुल गांधी पर भड़के...

“ये संसद है कैंटीन नहीं जो तुम पिकनिक…”, राहुल गांधी पर भड़के BJP सांसद निशिकांत दुबे, बताया पिकनिक मना रहे थे नेता विपक्ष

Nishikant Dubey lashed out at Rahul Gandhi: झारखंड के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने नेता विपक्ष राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को गैर जिम्मेदार नेता बताया। साथ ही संसद परिसर में LPG की किल्लत पर उनके प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाए। निशिकांत दुबे ने कहा कि, “यह संसद है कोई कैंटीन नहीं। आप आम जनता की बातें उठा रहे हैं, LPG किल्लत की समस्या को उठा रहे हैं। सरकार उसका जवाब देगी, लेकिन क्या यह पिकनिक की जगह है? संसद अलग है और सड़क अलग। संसद का आंदोलन अलग होता है, सड़क का आंदोलन अलग होता है, जो स्थितियां दिखाई दे रही हैं उससे लगता है 2047 तक कांग्रेस वापस नहीं आने वाली। आम जनता को कांग्रेस बेवकूफ बनाती है। वो बेनकाब हो गई है। मैंने स्पीकर को नोटिस दिया और पूरी पेनड्राइव सौंपी है।” निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर देश को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस नेता को तब चैन मिलेगा जब भारत पर चीन, अमेरिका और रूस हमला करेंगे। अगर प्रधानमंत्री ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन को गाली दें, लगता है तभी राहुल गांधी को चैन मिलेगा। निशिकांत दुबे ने संसद के मकर द्वार पर राहुल गांधी की टी पार्टी को लेकर लोकसभा स्पीकर से शिकायत भी की है।

संसद के मकर द्वार पर राहुल ने क्या किया?

गुरुवार को नेता विपक्ष राहुल गांधी कई सांसदों के साथ LPG किल्लत को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन करते नजर आए। वो मकर द्वार की सीढ़ियों पर बैठे दिखे। इस दौरान वो चाय और बिस्किट का आनंद ले रहे थे। उनके साथ-साथ कई कांग्रेसी और विपक्षी सांसद भी चाय की चुस्कियां ले रहे थे। राहुल गांधी का ये बेफिक्र अंदाज देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कुछ लोग राहुल गांधी की तारीफ करते दिखे तो ज्यादातर ने उनका विरोध किया। सवाल उठाए जाने लगे कि, संसद के मकरद्वार पर इस मुद्रा में बैठकर चाय और बिस्किट खाना क्या नेता विपक्ष को शोभा देता है? क्या ये संसद के नेता विपक्ष की गरिमा को सूट करता है? कुछ लोग ये पूछते हुए भी नजर आए कि राहुल गांधी क्या संसदीय कार्यप्रणाली से ऊंचे हैं? क्या गांधी परिवार को कुछ भी करने का अधिकार है?

कैसे सत्ता पक्ष और विपक्ष में शुरु हुआ घमासान?

बीजेपी सांसद दामोदार अग्रवाल ने कहा कि, “विपक्ष देश में अराजकता कायम करना चाहता है, अफवाहें फैलाना चाहता है। झूठी बातें फैलाकर जनता को भड़का कर और गलत नीयत से काम कर रहा है। राहुल गांधी बिल्कुल गलत बात कर रहे हैं। मैं वहीं था जब हरदीप सिंह पुरी का वक्तव्य आया कि देश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। रही बात LPG की तो उन्होंने कहा है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में थोड़ी अवधि बढ़ाई गई है लेकिन पर्याप्त गैस उपलब्ध है।” वहीं समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि, “राहुल गांधी का माइक बंद किया गया और फिर पार्टी की ओर से मुझे बोलना था, चूंकि नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया तो हमने भी एक मजबूत साथी के तौर पर अपनी बात नहीं रखी और अपील की कि नेता प्रतिपक्ष को बोलने दिया जाए। जो भारत की संप्रभुता है उसपर अमेरिका हमला बोल रहा है, ऐसे में पेट्रोलियम के साथ इन बातों का आना स्वाभाविक है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular