Saturday, July 27, 2024
HomeदेशPM Modi: 'नेहरू सरनेम रखने में शर्म क्यों आती है', राज्यसभा में...

PM Modi: ‘नेहरू सरनेम रखने में शर्म क्यों आती है’, राज्यसभा में पीएम मोदी का गांधी परिवार पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक बार फिर विपक्ष पर सीधा हमला किया। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। 90 मिनट की स्पीच में उन्होंने दावा किया कि केंद्र की कांग्रेस सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करके राज्य सरकारों को बर्खास्त कर दिया था और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए 50 बार इसका दुरुपयोग किया था। यही नहीं उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसा कि…

”किसी कार्यक्रम में अगर नेहरूजी के नाम का उल्लेख नहीं हुआ तो कुछ लोगों के बाल खड़े हो जाते थे। उनका लहू गर्म हो जाता था। मुझे ये समझ नहीं आता है कि उनकी पीढ़ी का कोई व्यक्ति नेहरू सरनेम रखने से डरता क्यों है। क्या शर्मिंदगी है नेहरू सरनेम रखने में। इतना बड़ा महान व्यक्ति आपको और आपके परिवार को मंजूर नहीं है और आप हमारा हिसाब मांगते हो।”

बोले मोदी… एक अकेला सब पर भारी

कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, ‘देश हमारे साथ है और लोगों ने कांग्रेस पार्टी को खारिज कर दिया है और समय-समय पर उन्हें दंडित किया है। अगर कांग्रेस ने नेक इरादे से आदिवासियों के लिए काम किया होता तो मुझे 21वीं सदी के तीसरे दशक में इतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती।’ उन्होंने विपक्षी हंगामे पर पर भी वार किया और कहा कि…

”देश देख रहा है कि एक अकेला कितनों पर भारी है। अरे नारे बोलने के लिए भी उनको लोग बदलने पड़ रहे हैं। अकेले घंटेभर से बोल रहा हूं रुका नहीं। उनके अंदर हौसला नहीं है, वो बचने का रास्ता ढूंढ रहे हैं।”

‘गरीबी हटाओ का नारा देकर गरीबों पर वार किया’

कांग्रेस पार्टी पर अपना हमला जारी रखते हुए, पीएम मोदी ने कहा, वो (कांग्रेस) ‘गरीबी हटाओ’ कहते थे, लेकिन 4 दशकों से अधिक समय तक कुछ नहीं किया। उनके खिलाफ हम देश के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। हमारी प्राथमिकता आम जनता है और यही कारण है कि हमने देश के 25 करोड़ परिवारों को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराया।’

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर मोदी का प्रहार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को अडानी मुद्दे पर प्रधान मंत्री और उनकी सरकार पर तीखा हमला किया था। मोदी ने उनपर निशाना साधते हुए कहा की, ‘खड़गेजी शिकायत करते हैं कि मैं अक्सर कलबुर्गी जाता हूं। उन्हें वहां के काम को देखना चाहिए। कर्नाटक में 1.70 करोड़ जन धन बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें कलबुर्गी में 8 लाख से अधिक शामिल हैं। जहां आम जनता को सशक्त किया जा रहा है, वहीं कई लोगों के खाते बंद हो रहे हैं और मैं उनका दर्द समझता हूं।’

‘जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतना ही खिलेगा’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयानों पर पलटवार करते हुए, प्रधान मंत्री मोदी ने कहा कि, जब मैं 2014 में प्रधान मंत्री बना, तो मैंने देखा कि कांग्रेस ने हर जगह समस्याएं और मुद्दे पैदा किए, भले ही वो भारत के समग्र विकास के लिए एक मजबूत नींव बनाना चाहते थे।’ जबकि, विपक्षी सदस्यों के नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए, प्रधान मंत्री ने कहा, ‘इस सदन में जो कहा जाता है, देश ध्यान से सुनता है। कुछ सांसद इस सदन को बदनाम कर रहे हैं। मैं सभी को याद दिलाना चाहता हूं कि आप जितना कीचड़ उछालेंगे, कमल उतना ही खिलेगा।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular