Mojtaba Khamenei undergoes surgery in Moscow: ईरान पर अमेरिका और इजराइल के अटैक को लेकर रूस सवाल तो शुरुआत से ही उठा रहा है, मगर अब जो खबर सामने आ रही है, वो युद्ध की दिशा और मोडने वाली हो सकती है। दरअसल खबर है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ईरान में नहीं, रूस में हैं। रूस की सेना उन्हें गुप्त तरीके से मॉस्को लेकर गई है, जहां उनका ऑपरेशन हुआ है। हालांकि ईरान ने हमेशा इन बातों का खंडन किया कि मोजतबा खामेनेई घायल हैं, जबकि अमेरिका ये दावा करता रहा कि जिस हमले में मोजतबा के पिता मारे गए, उस हमले में मोजतबा भी बुरी तरह घायल हुए, उन्होंने अपना पैर तक गंवा दिया। अब कुवैती अखबार अल जरीदा ने भी दावा किया है, कि मोजतबा खामेनेई अपने देश में नहीं हैं।
रिपोर्ट में मोजतबा खामेनेई की सफल सर्जरी का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक मोजतबा खामेनेई को रूसी सैन्य विमान से मॉस्को ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। खबर तो यहां तक है कि उनका राष्ट्रपति भवन में मौजूद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार हो रहे हमलों के कारण ईरान में उनका इलाज संभव नहीं होने के कारण ये फैसला लिया गया कि मोजतबा खामेनेई को ईरान से निकालना जरूरी है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पुतिन ने रूस में शरण देने की पेशकश की। जिसके बाद ये गुप्त ऑपरेशन चला। मोजतबा खामेनेई का मॉस्को में ऑपरेशन किया गया, जो कि सफल रहा। हालांकि इन दावों की अधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। कुछ रिपोर्ट में उनके बुरी तरह घायल होने का दावा है, मगर ईरान ने इन बातों से इंकार किया है, ईरान का कहना है कि मोजतबा खामेनेई ठीक और सुरक्षित हैं।
क्या युद्ध की दिशा और दशा बदलने वाली है?
रिपोर्ट्स की मानें तो एक तरफ रूस ईरान के रक्षक के रूप में खड़ा है, अमेरिका पर सवाल दागने के साथ-साथ रूस अब ईरान को मदद करता नजर आ रहा है। उसके सुप्रीम लीडर को पेशकश करके शरण दे रहा है। खबर है कि इसके लिए पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत भी की। तो दूसरी तरफ खबर ये भी है कि चीन भी बैकडोर से ईरान को मदद कर रहा है। हाल ही में अमेरिका के सैन्य अड्डों की तस्वीर सहित पूरी जानकारी सोशल मीडिया पर घूम रही थी, जिसे चाइना के सैटेलाइट से जोड़कर देखा गया। अब सवाल ये है कि आखिर आने वाले समय में इस युद्ध का पूरा खेल बदला हुआ नजर आएगा। क्योंकि ईरान भी बढ़ते वक्त के साथ अपना आक्रामक रूख दिखा रहा है।



