Jewar Airport gets aerodrome license: जेवर एयरपोर्ट अब जल्द ही उड़ान भरने की तैयारी में है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। DGCA की मंजूरी के बाद अब उड़ानों का रास्ता साफ हो गया है। अब इसके औपचारिक उद्घाटन की तैयारी है। इसी क्रम में ज्यूरिख इंटरनेशनल और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। एयरपोर्ट के CEO क्रिस्टोन श्रेलमैन ने सीएम योगी को भारत सरकार द्वारा जारी एयरोड्रम लाइसेंस (Aerodrome License) सौंपा। अब सिर्फ सुरक्षा मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद जेवर एयरपोर्ट से उड़ाने शुरू हो जाएंगी।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NIA) का विकास और संचालन ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी (Zurich Airport International AG) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) कर रही है। हवाई अड्डे के अब जल्द शुरू होने की संभावना है। इसमें इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस उड़ाने भरने शुरू करने की योजना बना रही हैं। एयरपोर्ट का विस्तार भविष्य की जरूरतों के हिसाब से किया जा रहा है। यहां चौथे चरण तक 7 करोड़ यात्रियों को संभालने का लक्ष्य रखा गया है, जो कि 3 करोड़ यात्रियों से शुरू किया जाएगा। शुरुआत में 2.5 टन कार्गो क्षमता होगी, जिसे बढ़ाकर 15 लाख टन किया जाएगा।



