बंगाल में PM मोदी का कॉन्फिडेंस हाई, बोले-BJP के शपथ ग्रहण में जरूर आऊंगा, आज आखिरी रैली

0
61

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन नॉर्थ 24 परगना जिले के बैरकपुर में पीएम मोदी ने विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। रैली में भारी भीड़ उमड़ी, जहां पीएम मोदी ने दावा किया कि बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और 4 मई के नतीजों के बाद बीजेपी सरकार बनने जा रही है।

“अब शपथ ग्रहण समारोह में आऊंगा”

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में जहां-जहां भी वे गए, वहां जनता का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी के बावजूद लोगों की भारी भीड़ यह संकेत दे रही है कि राज्य में बदलाव तय है। उन्होंने कहा, “4 मई के बाद बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे आना ही है।”

“देश की जनता ही मेरा परिवार”

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह इस चुनाव में उनकी आखिरी रैली है और वे पूरे विश्वास के साथ वापस जा रहे हैं कि जनता बीजेपी को आशीर्वाद देगी। उन्होंने बताया कि हेलिपैड से सभा स्थल तक करीब दो किलोमीटर के रास्ते में हजारों लोग दोनों ओर खड़े होकर उनका स्वागत कर रहे थे। पीएम मोदी ने भावुक अंदाज में कहा कि जब से उन्होंने अपना घर छोड़ा है, तब से देश की जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से देशभर में यात्रा करते हुए जनता के बीच रहना ही उनके जीवन का सबसे बड़ा सुख रहा है।

भारत का भाग्योदय, पूर्वोदय के बिना अधूरा

पीएम मोदी ने जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह उस समय आध्यात्मिक अनुभूति हुई थी, वैसी ही अनुभूति उन्हें इस चुनाव में बंगाल की धरती पर महसूस हुई है। उन्होंने कहा कि जब भारत समृद्ध था तब उसके तीन मजबूत स्तंभ थे अंग, बंग और कलिंग। उन्होंने कहा कि बिहार, बंगाल और ओडिशा का मजबूत होना देश के विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि “भारत का भाग्योदय, पूर्वोदय के बिना अधूरा है” और पूर्वी भारत के विकास में बंगाल की बड़ी भूमिका है।

PM मोदी ने TMC पर बोला हमला

पीएम मोदी ने TMC पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ रोजगार देने वाली मिलें बंद हो रही हैं, दूसरी तरफ कच्चे बम की फैक्ट्रियां फल-फूल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC के सिंडिकेट का राज चल रहा है और बंगाल में महा-जंगलराज की स्थिति है। प्रधानमंत्री ने कहा कि TMC के पास बंगाल के भविष्य का कोई रोडमैप नहीं है, जबकि बीजेपी जनता जनार्दन का राज लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से बदलाव के लिए मतदान करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here