वाराणसी: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने रविवार को बनारस के एक होटल में सुसाइड कर लिया। उनका शव होटल के कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। आकांक्षा की आत्महत्या की वजह का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात शूटिंग के बाद वो होटल में गई थीं और सुबह उनका शव फंदे से लटकता मिला।
रविवार सुबह मेकअप मैन ने आकांक्षा को फोन किया। लेकिन, आकांक्षा ने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद मेकअप मैन होटल पहुंचा। वहां आकांक्षा के कमरे का दरवाजा बंद था। होटल के कर्मचारियों ने मेकअप मैन को बताया कि आकांक्षा ने सुबह से नाश्ते के लिए ऑर्डर भी नहीं दिया है। लिहाज़ा, सबने मिलकर कमरे का दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया, तो उन्होंने पुलिस को बुलाया। होटल मैनेजर ने पुलिस की मौजूदगी में दूसरी चाबी से दरवाजा खोला, तो आकांक्षा का शव पंखे से लटका मिला।
भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर गांव की रहने आकांक्षा ने सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर लाइव किया था। इसमें वो फूट-फूटकर रोते हुए नजर आई थीं।
आकांक्षा ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर एक डांस वीडियो पोस्ट किया था। वो एक काले रंग की पोशाक में देखी गई थी, जिसमें एक भोजपुरी गाने पर थिरकते हुए और एक हाथ में अपना फोन पकड़कर खुद को रिकॉर्ड करते हुए कुछ बेली डांस मूव्स दिखाए गए थे।
आकांक्षा के अभिनेता समर सिंह के साथ डेटिंग की अफवाह थी। उन्होंने पिछले महीने वैलेंटाइन डे पर विश करने के लिए उनके साथ एक तस्वीर भी शेयर की थी। जानकारी के मुताबिक आकांक्षा ने अभी-अभी अपने प्रोजेक्ट मिट्टी की शूटिंग पूरी की थी। इसमें यश कुमार और रक्षा गुप्ता भी हैं और ये चंदन उपाध्याय द्वारा निर्देशित और अरविंद प्रसाद और प्रेम शंकर द्वारा निर्मित है। इंस्टाग्राम पर उनके 1.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं।