CM Dhami enjoys water sports at Tehri Lake: नई टिहरी में टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ हो गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने फेस्टिवल का शुभारंभ करते हुए भरोसा जताया कि टिहरी झील आने वाले समय में अपनी खूबसूरती और साहसिक खेलों के लिए पूरे विश्व में विख्यात होगी। साहसिक खेल और पर्यटन का मुख्य केन्द्र बनकर उभरेगी। इस मौके पर सीएम धामी ने खुद भी साहसिक खेलों का जमकर लुत्फ उठाया। हाईस्पीड वाटर बोट से सीएम धामी ने खूब फर्राटा भरा।
इस मौके पर सीएम धामी ने फेस्टिवस में देश विदेश से आए सैलानियों का स्वागत किया। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की धरती आध्यात्म और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम रही है। यहां नदियां, पर्वत, झील, झरने और परंपराएं पूरे विश्व को आकर्षित करती हैं। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए झील में ये महोत्सव कराया जा रहा है। इस मौके पर सीएम धामी ने कोटी कॉलोनी-नई टिहरी रोपवे का निर्माण करने की भी घोषणा की। साथ ही 318 करोड़ की लागत से 15.770 किमी लंबे कोटी कॉलोनी-डोबरा चांटी मोटर मार्ग का शिलान्यास भी किया।



