पुलिस और SDRF प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ों में वाहन बेहद ही सावधानी से चलाएं। दरअसल 13 फरवरी को फिर एक पिकअप वाहन अलकनंदा नदी में समा गया। ये हादसा ऋषिकेश बद्रीनाथ हाईवे पर शुक्रवार को हुआ। तीनधारा के पास एक पिकअप वाहन बेकाबू होकर नदी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन में तीन लोग सवार थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ढालवाला पुलिस और SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची। SDRF की टीम डीप ड्राइविंग और राफ्ट की मदद से अलकनंदा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी के तेज बहाव और पानी के काफी गहरा होने से टीम को काफी दिक्कतें भी आ रही हैं। टीम को काफी मशक्कत के बाद 30 से 40 फीट की गहराई पर पिकअप वाहन तो मिल गया है, मगर उसमें सवार लोगों का कुछ पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में भी लगी है।



