शिक्षिका के सस्पेंशन से नाराज बच्चों ने स्कूल में लगाया ताला, बोले- मैडम वापस आएंगी तभी खुलेगा गेट, जानिए क्या है पूरा मामला

0
53

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका के सस्पेंशन के खिलाफ खुद छात्र-छात्राएं आंदोलन पर उतर आए। बच्चों ने स्कूल गेट पर अपने बस्ते टांग दिए और ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

दरअसल, हाल ही में स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ बच्चों से झाड़ू लगवाई जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय में तैनात शिक्षिका शालिनी मिश्रा को सस्पेंड कर दिया।

“मैडम आएंगी, तभी खोलेंगे स्कूल का गेट”

शिक्षिका के निलंबन की खबर मिलते ही स्कूल के बच्चों में नाराजगी फैल गई। अगले ही दिन छात्र-छात्राओं ने स्कूल गेट पर ताला जड़ दिया और बस्ते टांगकर धरना जैसा प्रदर्शन शुरू कर दिया। बच्चों का कहना है कि जब तक उनकी मैडम को वापस स्कूल नहीं भेजा जाएगा, तब तक स्कूल का गेट नहीं खोला जाएगा।

अनोखे प्रदर्शन की पूरे इलाके में चर्चा

छात्रों ने बताया कि शालिनी मिश्रा पिछले 27 साल से इसी विद्यालय में पढ़ा रही हैं। उनका व्यवहार बेहद अच्छा है और पढ़ाने का तरीका भी बच्चों को काफी पसंद है। बच्चों का कहना है कि मैडम हमेशा उन्हें प्यार से पढ़ाती हैं और कभी गलत व्यवहार नहीं किया।इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। एक तरफ शिक्षा विभाग की कार्रवाई है, तो दूसरी तरफ बच्चों का अपनी प्रिय शिक्षिका के समर्थन में खड़ा होना लोगों का ध्यान खींच रहा है। फिलहाल प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में आगे क्या फैसला लेता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here