Police arrested a thief in Haldwani: हल्द्वानी में पुलिस ने एक बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 लाख रुपए के जेवरात और कैश बरामद किया है। पुलिस ने इस केस में करीब 100 से 150 CCTV फुटेज खंगाली, जिसके बाद पुलिस शातिर चोर तक पहुंची।
चोरी की घटना 2 मार्च से 5 मार्च के बीच हुई थी। आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया के रहने वाले हेमचंद्र लोहनी 2 मार्च को अपने पैतृक गांव थापला ताकुला गए थे, जो कि अल्मोड़ा में है। जब वो 5 मार्च को वापस घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो घर से 13 लाख के जेलर और कैश गायब था। जिसके बाद उन्होंने मुखानी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शातिर चोर तक ऐसे पहुंची पुलिस
इस केस की सफलता के पीछे सबसे बड़ी कड़ी तकनीक और पुलिस की मेहनत रही। SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। पैनी नजरों ने फुटेज में एक संदिग्ध की पहचान की, जिसके बाद मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचा जा सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी काठगोदाम थाने में मुकदमा दर्ज है।



