ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में उत्तराखंड सरकार का बजट सत्र शुरू हो गया है। उत्तराखंड की राजनीति के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब सरकार ने पहले ही दिन यानि राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही बजट पेश कर दिया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सदन में वित्तीय वर्ष 2026 के लिए 111703.1 करोड़ का बजट पेश किया। जिसके बाद सदन की कार्यवाही 10 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। बजट पर चर्चा मंगलवार को होगी।
बजट सत्र के पहले ही दिन सदन के अंदर और बाहर सरकार को घेरने की विपक्ष ने पूरी कोशिश की। एक तरफ जहां कांग्रेस ने सरकार को सदन के अंदर तीखे तेवर दिखाए। तो वही दूसरी तरफ क्षेत्रीय दल यूकेडी ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन देखते-देखते इतना उग्र हो गया कि पुलिस को पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को रोकना पड़ा।
दरअसल यूकेडी के कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। उन्हें रोकने के लिए जो पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, वो उसे तोड़ने की कोशिश करने लगे। जिसके बाद पुलिस और यूकेडी कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछारें की, तब जाकर हालात काबू में आए।



