Saturday, July 27, 2024
HomeखेलWhy was Rohit Sharma removed from captaincy: रोहित शर्मा की जगह हार्दिक...

Why was Rohit Sharma removed from captaincy: रोहित शर्मा की जगह हार्दिक कैसे बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, जानिए पांड्या के कप्तान बनने की इनसाइड स्टोरी

पांच बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 15 दिसंबर ऐलान कर दिया कि अगले सीजन से हार्दिक पंड्या टीम के कप्तान होंगे। इसके साथ ही पिछले 10 साल से मुंबई इंडियंस में चला आ रहा रोहित शर्मा का सफल कार्यकाल भी खत्म हो गया। जिस कप्तान ने मुंबई इंडियंस को IPL के पांच खिताब जितवाए, उस कप्तान को रुसवा कर दिया गया। लेकिन, सवाल ये है कि रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस ने कप्तानी से क्यों हटाया, ये फैसला अचानक लिया गया या पहले से तैयारी थी? इस पूरे एपिसोड की इनसाइड स्टोरी क्या है? 

IPL में नाकामी और वर्ल्ड कप में हार की वजह से आउट?

आईपीएल में पिछले तीन सीज़न का रिकॉर्ड उठाकर देखा जाए तो रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। पिछले लगातार तीन सीजन में टीम खिताब जीतने में नाकाम रही। दो सीज़न में तो मुंबई इंडियंस को मैच जीतने के लिए भी एड़ियां रगड़नी पड़ीं। कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला भी नहीं चला। इसके बाद आया वर्ल्ड कप, जिसमें रोहित को टीम की कप्तानी मिली। हालांकि, रोहित शर्मा ने विश्व कप में बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया और टीम इंडिया फाइनल तक पहुंची। लेकिन, वर्ल्ड कप जीतने से भारतीय टीम चूक गई। ऐसे में बहुत मुमकिन है कि रोहित को लगातार मिलती नाकामियों की वजह से मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट का भरोसा उनपर से उठ गया हो, और उन्हें कप्तानी से हटाने का फैसला लिया गया हो। 

हार्दिक पांड्या की वापसी के बाद से ही लग रह थे कयास?

हार्दिक पांड्या लंबे समय तक मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने कई मैच विनिंग पारियां खेलीं। यही नहीं हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस के मालिकान यानि नीता अंबानी और उनके बेटों के साथ अच्छे संबंध भी हैं। अक्सर उन्हें रिलायंस के कार्यक्रमों में भी देखा जाता है। गुजरात का कप्तान बनने के बाद भी मुंबई इंडियंस के साथ उनकी बॉन्डिंग खत्म नहीं हुई। इस बीच 26 नवंबर की तारीख सामने आई, जिस दिन प्लयेर्स रिटेंशन डे था। उसी दिन से हार्दिक पंड्या की मुंबई में वापसी की अटकलें लगने लगीं। तब से ही ये अंदाजा लगाया जाने लगा कि वो टीम के नए कप्तान होंगे। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या की वापसी का ऐलान तो कर दिया, लेकिन कप्तानी में बदलाव के लिए करीब 3 हफ्तों तक कुछ नहीं कहा। 

रोहित की बढ़ती उम्र और भविष्य की तैयारी बनी वजह?

पिछले तीन सालों में IPL में रोहित शर्मा को नाकामी और 2023 वनडे वर्ल्ड कप में असफलता मिली। दूसरी तरफ बतौर कप्तान हार्दिक ने 2021 में IPL खिताब जीता और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। यही नहीं वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार के बाद ये भी कयास लगाए जाने लगे हैं कि रोहित शर्मा टी-20 मैचों से किनारा कर लेंगे। कहा जा रहा है कि वो अब सिर्फ वनडे और टेस्ट मैच खेलेंगे। यही नहीं कहा तो ये भी जा रहा है कि उनकी जगह टी-20 विश्व कप में कोई और टीम इंडिया का कप्तान होगा। हालांकि, BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने इस बाबत अभी तक कोई फैसला नहीं किया। लेकिन, खबरे हैं कि रोहित को टी-20 की कप्तानी से फ्री किया जा सकता है। ऐसे में हो सकता है कि, भविष्य को देखते हुए मुंबई इंडियंस ने रोहित की जगह हार्दिक को कप्तानी का ज़िम्मा सौंपा। वैसे इस बारे में टीम से जुड़े महेला जयवर्धने ने भी कहा है कि...

”ये विरासत निर्माण और भविष्य के लिए तैयार रहने के MI की फिलॉसफी का हिस्सा है। मुंबई इंडियंस को सचिन से लेकर हरभजन और रिकी से लेकर रोहित तक हमेशा असाधारण नेतृत्व का आशीर्वाद मिला है, जिन्होंने तत्काल सफलता में योगदान देने के साथ-साथ भविष्य के लिए टीम को मजबूत करने पर भी नजर रखी है। इसी विचारधारा के अनुरूप हार्दिक पंड्या आईपीएल 2024 सीज़न के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालेंगे।”

महेला जयवर्धने, मुंबई इंडियंस
रोहित शर्मा, हरभजन सिंह, सचिन तेंदुलकर, कीरोन पोलार्ड और सूर्यकुमार यादव के बाद हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के नौवें कप्तान होंगे। रोहित ने 11 सीज़न में 158 मैचों में मुंबई की कप्तानी की और टीम को पांच खिताब सहित 87 जीत दिलाई। वहीं हार्दिक पांड्या ने 31 मैचों में गुजरात टाइटंस का नेतृत्व किया और टीम को 22 जीत दिलाई। वो टी-20 विश्व कप 2022 के बाद भारत के टी-20 कप्तान भी बन गए।
सोशल मीडिया पोस्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Posts

Most Popular